पीलीभीत: साइबर सिंडिकेट से जुड़े दो संदिग्धों के मोबाइल फोन जब्त, पुलिस ने बढ़ाई जांच
बीसलपुर पुलिस ने दक्षिण-पूर्वी एशियाई साइबर सिंडिकेट से कथित संबंधों के मामले में जांच तेज कर दी है। इस मामले में गांव मीरपुर वाहनपुर के दो युवकों को नामजद किया गया है। पुलिस ने उनसे पूछताछ कर मोबाइल जब्त किए हैं।
विस्तार
पीलीभीत में दक्षिण-पूर्वी एशियाई देशों में संचालित साइबर सिंडिकेट से कथित संबंधों के मामले में बीसलपुर कोतवाली पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस ने गांव मीरपुर वाहनपुर निवासी नामजद दोनों आरोपियों से पूछताछ करने के बाद उनके मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। साथ ही उन्हें पुलिस की अनुमति के बिना क्षेत्र से बाहर नहीं जाने और बुलाए जाने पर कोतवाली में हाजिर होने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव के निर्देश पर कोतवाली के दरोगा मोहित कुमार ने दो दिन पूर्व इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। भारत सरकार के दूरसंचार विभाग की एआई एवं डिजिटल इंटेलिजेंस यूनिट ने 23 अक्तूबर 2026 को ई-मेल के माध्यम से बरेली जोन के अपर पुलिस महानिदेशक को 135 संदिग्ध मोबाइल नंबरों की सूची भेजी थी। ये नंबर दक्षिण-पूर्वी एशियाई देशों में संचालित साइबर सिंडिकेट से कथित रूप से जुड़े बताए गए हैं। विभाग ने सूची में शामिल नंबरों की जांच कराने का अनुरोध किया था।
इन युवकों को किया नामजद
इस सूची में बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव मीरपुर वाहनपुर के भी दो मोबाइल नंबर शामिल थे। पुलिस ने इन नंबरों का इस्तेमाल करने वाले ग्रामीणों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इनमें साजिद अंसारी और अफसर उर्फ अबरार को नामजद किया गया है।
जानकारी के अनुसार, साजिद अंसारी के बैंक खाते के जरिये 90 हजार रुपये की ऑनलाइन साइबर ठगी किए जाने की शिकायत नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी दर्ज है। मामला राष्ट्रीय स्तर पर साइबर अपराध से जुड़ा होने के कारण पुलिस इसकी विवेचना गंभीरता से कर रही है।
पुलिस ने आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई
शनिवार को पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर दोनों नामजद आरोपियों के बारे में ग्रामीणों से जानकारी जुटाई। बताया जाता है कि कुछ ग्रामीणों ने दबी जुबान से दोनों के इस मामले में शामिल होने की आशंका जताई। पुलिस को इनके संपर्क में रहने वाले कुछ अन्य ग्रामीणों के बारे में भी जानकारी मिली है। अब पुलिस उनकी भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।
पुलिस ने पूछताछ के दौरान आरोपियों से उन दुकानदारों के नाम भी पूछे हैं, जिनसे उन्होंने सिम कार्ड खरीदे थे। जांच तेज होने के बाद गांव के कुछ लोगों के घर छोड़कर चले जाने की भी चर्चा है। पुलिस इन लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
