बोलेरो है पसंदीदा कार, एक साल में 15 गाड़ियां चुराई
गाजीपुर पुलिस ने ट्रांसगोमती इलाके में वाहन चोरी और चेन लूटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के सरगना सहित चार बदमाशों को मंगलवार दोपहर दबोच लिया। इनके पास से चोरी की तीन बाइक, एक कार और लूटी गई चार चेन मिली हैं।
इंस्पेक्टर नागेंद्र चौबे ने बताया कि बदमाश मड़ियांव के अजीतनगर निवासी धर्मेंद्र गुप्ता उसका भाई राहुल, इटौंजा के कोहनाखुर्द निवासी विवेक कुमार तथा वसंत विहार कॉलोनी परशुराम मंदिर के पास का अंकित कुमार है। इन्हें मुल्ला शाह मजार के पास से चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया। धर्मेंद्र गिरोह का सरगना है।
उसने एक सप्ताह पहले रामकिशोर के साथ कलेवा चौराहे के पास एक महिला की चेन लूटी थी। विवेक ने धर्मेंद्र के साथ सर्वोदयनगर के पास एक महिला से बीस दिन पहले चेन लूटी थी। अंकित ने दो महीने पहले अपने दोस्त के साथ कूर्मांचलनगर से एक चेन लूटी थी। चेन बेचने के लिए बदमाश मड़ियांव जा रहे थे। जिस अपाचे बाइक से बदमाश चेन लूट कर रहे थे वह अलीगंज से चोरी की गई थी।
बदमाशों को दरोगा चंद्रकांत सिंह, विजय नारायण तिवारी, रतनलाल कनौजिया, सिपाही मनोज यादव, उपेंद्र शर्मा व मनीष सिंह ने चेकिंग के दौरान पकड़ा। इनके दो साथियों रामकिशोर और नवीन की तलाश है।
इसलिए बोलेरो थी चोरी करने के लिए पंसदीदा कार
बदमाशों की पसंदीदा कार बोलेरो है। धर्मेंद्र ने बताया कि सालभर में अलीगंज, विकासनगर, गुडंबा, जानकीपुरम, हसनगंज, गोमतीनगर, गाजीपुर इलाके से 15 से अधिक बोलेरो कार चोरी की हैं। बोलेरो ग्रामीण और पहाड़ी क्षेत्रों में आसानी से बिक जाती थी। इसलिए यह इनकी पसंदीदा कार है।
आई-10 कार और बाइक से करते थे रेकी
इंस्पेक्टर ने बताया कि अंकित रिटायर्ड फौजी राजेंद्र कुमार का बेटा है। उसकी आई-10 कार और पैशन बाइक से बदमाश रेकी करते थे। यह लोग चोरी के वाहन नेपाल और बिहार में बेचते थे।
धर्मेंद्र ने बताया कि नेपाल में अफगान और बिहार में गोपालगंज का शमीम चोरी के वाहन बेचने में इनका सहयोग करता था। एक वाहन करीब 50 हजार रुपये में बेचा जाता था।