बहन को बधाई दी और ओवरब्रिज से कूद गई टीचर
पारा थाना क्षेत्र में बुद्धेश्वर चौराहे पर सोमवार सुबह एक शिक्षिका ने संदिग्ध हालात में ओवरब्रिज से छलांग लगा दी। गन्ने की पतवार के ढेर पर गिरने से उसकी जान तो बच गई, लेकिन वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई।
पुलिस ने उसे रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल पहुंचाया। उसकी गंभीर हालत देखकर डॉक्टरों ने ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। छलांग लगाने से पहले शिक्षिका ने बड़ी बहन को फोन करके शादी की सालगिरह की बधाई दी थी।
पिता ने आशंका जताई है कि शिक्षिका माइग्रेन से परेशान थी। इसी वजह से उसने छलांग लगाई होगी, जबकि असल वजह जानने के लिए पुलिस उसके होश में आने का इंतजार कर रही है।
युवती के पास पड़े बैग से उसकी पहचान आलमबाग के विशेश्वरनगर निवासी रिटायर्ड रेलकर्मी सूर्यदेव दुबे की पुत्री चित्रा (19) के रूप में हुई। तहकीकात में पता चला कि चित्रा अपने घर के पास एक निजी स्कूल में नर्सरी के बच्चों को पढ़ाती थी।
जीजा से करना चाहती थी बात
सुबह सात बजे वह घर से निकली थी और करीब 45 मिनट बाद बहन ममता पांडेय को फोन करके शादी की सालगिरह की बधाई दी और जीजा शिवकुमार से बात कराने को कहा।
थोड़ी देर बाद शिवकुमार ने कॉल किया, लेकिन फोन रिसीव न होने से चिंतित कई बार नंबर डॉयल किया। इस पर चित्रा का फोन पहुंच से बाहर बताया। शिवकुमार ने ससुराल वालों को फोन करके चित्रा के बारे में पूछा।
थोड़ी देर बाद पुलिस ने सूर्यदेव को फोन करके चित्रा के घायल होने की जानकारी दी। ओवरब्रिज पर चौबीस घंटे यातायात के चलते पुलिस चित्रा के कूदने की बात कह रही है लेकिन घर से काफी दूर ओवरब्रिज पर जाकर कूदने की वजह को लेकर उलझी है।
पता चला है कि चित्रा टैंपो से ओवरब्रिज पर उतरी थी। उसके कूदने की असल वजह पता करने के लिए कॉल डिटेल खंगाला जा रहा है।