बिहार: पूर्व पार्षद के घर पर गोलियों की बौछार! कार को भी बनाया निशाना, सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र स्थित बालूघाट बांध रोड पर रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने पूर्व वार्ड पार्षद रेखा कुमारी के घर पर कई राउंड फायरिंग की। बदमाशों ने घर के दरवाजे और वहां खड़ी कार को भी निशाना बनाया।
विस्तार
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में बाइक सवार बदमाशों ने पूर्व वार्ड पार्षद रेखा देवी के घर पर देर रात कई राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दी। बदमाशों ने घर के साथ वहां खड़ी कार को भी निशाना बनाया। घटना के बाद पूर्व पार्षद का पूरा परिवार दहशत में है। वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से पुलिस ने दो खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में बाइक सवार दोनों संदिग्धों की तस्वीरें कैद हुई हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
देर रात डेढ़ बजे बालूघाट बांध रोड पर हुई फायरिंग
घटना सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के बालूघाट बांध रोड की है। जानकारी के अनुसार, देर रात करीब डेढ़ बजे बाइक सवार दो बदमाश पूर्व वार्ड पार्षद के घर पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों ने घर के दरवाजे और कार पर गोलियां चलाईं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। गोलीबारी की घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के दौरान दो गोली के खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। वहीं, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दोनों बाइक सवार संदिग्ध दिखाई दिए हैं। पुलिस फुटेज की मदद से बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
पूर्व पार्षद बोलीं- हत्या की नीयत से पहुंचे थे बदमाश
पूर्व वार्ड पार्षद रेखा कुमारी ने बताया कि घटना को बाइक सवार अपराधियों ने अंजाम दिया है। उनका आरोप है कि बदमाश हत्या की नीयत से उनके घर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि पहले कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के साथ विवाद हुआ था। इस मामले में उनके बड़े बेटे अभिषेक सिंह ने पुलिस को सहयोग किया था। इसके बाद से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं। रेखा कुमारी के अनुसार, अब बदमाशों ने घर पर पहुंचकर गोलीबारी की है, जिससे उनका पूरा परिवार दहशत में है। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद परिवार खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है। पूर्व पार्षद ने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, घर के दरवाजे और कार पर फायरिंग की गई है। पीड़ित पक्ष का बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में बाइक सवार बदमाश दिखाई दिए हैं। फुटेज और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों को जल्द गिरफ्तार करने की बात कही है। फिलहाल, गोलीबारी के मामले में जांच जारी है।