चोरों की चाल: ऑनलाइन मंगाई जैकेट्स, स्पोर्ट शूज और मोबाइल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केजीएमयू से रिटायर्ड ड्राइवर लखनऊ के मार्टिनपुरवा निवासी सोहनलाल के बैंक अकाउंट से ठगों ने 3,80,000 रुपये की शॉपिंग कर डाली। सोहनलाल रुपये निकालने बैंक पहुंचे तो खाते से इतनी मोटी रकम गायब देख उनके होश उड़ गए।
उन्होंने गौतमपल्ली थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। जांच साइबर सेल को सौंपी गई है। सोहनलाल ने बताया कि उनका अकाउंट मेडिकल कॉलेज की इलाहाबाद बैंक शाखा में है। करीब दो माह पहले उनके मोबाइल पर 9771345418 नंबर से किसी ने कॉल करके खुद को बैंक अफसर बताया।
उसने कहा कि एटीएम कार्ड की वैधता अवधि खत्म हो गई है इसलिए इसे बंद किया जा रहा है। अगर कार्ड फिर से चालू कराना है तो उसका नंबर बताना होगा। बकौल सोहनलाल, वह ज्यादा पढ़े-लिखे नहीं हैं इसलिए फोन करने वाले ने जो भी पूछा उन्होंने बता दिया।
कुछ दिन पूर्व वह रुपये निकालने बैंक गए तो पता चला कि उनके अकाउंट से मोटी रकम गायब है। छानबीन करने पर पता चला कि ठगों ने 10 से 26 अक्तूबर के बीच उनके अकाउंट से जमकर ऑनलाइन शॉपिंग की थी। उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस ऐसे जुटाएगी सुबूत
बैंक स्टेटमेंट से जानकारी मिली कि ठगों ने सोहनलाल के रुपयों से मोबाइल, स्पोर्ट्स शूज़ और जैकेट खरीदे थे। ऑनलाइन शॉपिंग किस पोर्टल से की गई है? डिलीवरी कहां और किसे मंगाई गई? पुलिस जानकारियां जुटा रही है।
पुलिस ने जब सोहनलाल का मोबाइल चेक किया तो ढेरों एसएमएस अनरीड (बिना पढ़े हुए) मिले। इसमें अकाउंट से रुपये निकलने के मैसेज भी थे। सोहनलाल ने कहा कि वह एसएमएस पढ़ना नहीं जानते।