आसाराम केस: हरियाणा से जुड़े गवाह की गुमशुदगी के तार
आसाराम बापू के खिलाफ दर्ज यौन शोषण के मामले के एकमात्र गवाह डॉ. राहुल के. सचान की रहस्यमय गुमशुदगी के तार हरियाणा से जोड़कर छानबीन की जा रही है।
राहुल सकुशल है या नहीं, पुलिस अभी इस बारे में जानकारी नहीं दे पा रही है। पुलिस का मानना है कि राहुल या तो हरियाणा में है या उसे कोई वहां ले गया है। उसकी तलाश में पुलिस की एक टीम जल्द हरियाणा भेजी जाएगी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि राहुल के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल से पता चला है कि उसकी हरियाणा में एक महिला से काफी बातचीत होती थी। लापता होने के पहले भी उक्त महिला से उसकी फोन पर बातचीत हुई थी।
इस तरह की जा रही है जांच
पुलिस को शक है कि राहुल या तो उक्त महिला से मिलने के लिए हरियाणा गया है या फिर उसके साथ कोई अनहोनी हो गई है। क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीम उसके फोन की गहराई से छानबीन कर रही है।
गौरतलब है कि कानपुर के घाटमपुर निमधा गांव निवासी राहुल के. सचान यहां ठाकुरगंज के वंशीविहार में किराये के मकान में रह रहा था। बीती 25 नवंबर को वह कैसरबाग बस अड्डे आया जहां किसी का फोन आने के बाद गनर अमित सिंह को छोड़कर अकेला चला गया। इसके बाद राहुल का फोन स्विच ऑफ है।
राहुल के दूसरे गनर विजय बहादुर की तरफ से बीती 22 दिसंबर को ठाकुरगंज थाना में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई गई है।