मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हर व्यक्ति सफाई के लिए सप्ताह में दो घंटे और वर्ष भर में कम से कम 100 घंटे दे दे तो आसपास के वातावरण में आमूल-चूल बदलाव दिखने लगेगा। उन्होंने रविवार सुबह गोमती तट स्थित झूलेलाल वाटिका पर फावड़ा चलाकर ‘गोमती नदी सफाई महाअभियान’ का शुभारंभ किया। इस महाअभियान के जरिये समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता पैदा करने के साथ-साथ लोगों को नदियों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसमें बड़ी संख्या में एनजीओ, स्कूली बच्चे और सिविल डिफेंस से जुड़े लोग भी हिस्सा ले रहे हैं।
खुद फावड़ा लेकर गोमती की सफाई में जुटे सीएम योगी, मंत्रियों ने भी हटाया कूड़ा, तस्वीरें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रविवार सुबह मां गोमती साक्षात गवाह बनी कि क्या विशिष्टजन और क्या आमजन, सभी उसका पुराना स्वच्छ व निर्मल स्वरूप देने के लिए प्रतिबद्ध दिख रहे हैं। उसके लिए चिंतित सुधीजनों को शपथ दिलाने के बाद जैसे ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फावड़ा पकड़ा तो वहां मौजूद हर व्यक्ति मानो नई ऊर्जा और प्रेरणा से लबरेज हो गया। सभी ने महाअभियान में योगदान देना शुरू कर दिया। देखते ही देखते सैकड़ों हाथ एक साथ गोमती की सफाई में जुट गए। इस दौरान तमाम लोगों के कपड़े पानी से सराबोर हो गए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा, महात्मा गांधी सदैव कहते थे कि हमें अपने आसपास का वातावरण स्वच्छ रखना चाहिए। अपनी पुस्तक ‘मेरे सपनों का भारत’ में उन्होंने स्वच्छता अभियान पर काफी कुछ लिखा है। गांधीजी मानते थे कि किसी भी राष्ट्र को शिक्षा के साथ-साथ स्वच्छता के मानकों का पालन ही आगे बढ़ा सकता है, क्योंकि स्वस्थ रहने के लिए स्वच्छता बेहद जरूरी है। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर वृक्ष भंडारे के तहत प्रमुख सचिव नगर विकास, पुलिस महानिदेशक, मंडलायुक्त और जिलाधिकारी समेत कई गणमान्य लोगों को पौधे भी बांटे।
कार्यक्रम के दौरान प्राविधिक शिक्षा एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री आशुतोष टंडन, सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह, विधायी एवं न्याय मंत्री बृजेश पाठक, ग्रामीण विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. महेंद्र सिंह, बाढ़ नियंत्रण एवं महिला कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वाति सिंह, महापौर संयुक्ता भाटिया, प्रमुख सचिव नगर विकास मनोज कुमार सिंह, मंडलायुक्त अनिल गर्ग, जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा समेत सैकड़ों लोग शामिल रहे।
स्वच्छता की शपथ दिलाई
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इसका मजमून था : महात्मा गांधी ने जिस भारत का सपना देखा था, उसमें सिर्फ आजादी ही नहीं, बल्कि स्वच्छ और विकसित देश की कल्पना भी थी। अब हमारा उद्देश्य है कि हम इसे आगे बढ़ाएं। हम न गंदगी करेंगे और न किसी को करने देंगे। शुरुआत अपने घर और मोहल्ले से करेंगे। हम शपथ लेते हैं कि हम स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत करेंगे।