यूपी: पीएम मोदी ने मंच से की सीएम की तारीफ, कहा- प्रदेश में बदल गया है माहौल; जिसके पीछे योगी की मेहनत
लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में बोलते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने प्रदेश की कानून व्यवस्था की सराहना की और इसका श्रेय सीएम योगी को दिया।
विस्तार
लखनऊ में हुए कौशल विकास के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने देश की स्किल के विकास की बात की। उन्होंने कहा कि देश के आईआईटी छात्रों को स्किल सिखाते हैं। हम लगातार यह बात सुनते आ रहे हैं कि एआई नौकरी को खत्म कर देगा। पर ऐसा कोई एआई नहीं होगा जो स्किल की जगह ले लें।
विश्व में जब कोई शहर अपने को विकसित करता है तो उसे स्किल वाले लोग चाहिए होते हैं। जितने भी विकासशील देश हैं उसमें से हुनरमंद लोगों की आवश्यकता है। अब समाज बदल रहा है उसे डिग्री की चाहिए हुनरमंद लोग चाहिए। आपके पास क्या डिग्री है इससे ज्यादा महत्वपूर्ण यह है कि आप कितने हुनरमंद हैं।
मैंने लोगों से कहा कि सोना मत खरीदो, वह सच साबित हुआ
अपनी बात को साबित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि हमने लोगों से अपील की थी कि सोना मत खरीदो। उन्होंने सोना खरीदना कम किया। आज सोने के दाम टूट गए हैं। आपने मोदी की बात मानी तो ऐसा हुआ। एक बात की घोषणा मैं फिर कर रहा हूं कि आने वाले समय में कागज की डिग्री से ज्यादा इस बात का महत्व होगा कि आपके पास हुनर क्या है। आपका हुनर आपकी डिग्री से भी बड़ा हो जाएगा।
अब यूपी बदल रहा है
पीएम ने वाराणसी के एक कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि अब यूपी बदल रहा है। अब यह पहले वाला प्रदेश नहीं है। रात में काम करने वाली एक लड़की ने मुझसे कहा कि अब वह रात के 11 बजे से आसानी से अपने घर चली जाती है। पहले ऐसा नहीं था। यूपी में रहने वाले लोग जानते हैं कि कि रात में बेटी के घर आने का क्या मतलब होता था। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून और व्यवस्था का यह माहौल योगी आदित्यनाथ की वजह से बन पाया।
अंग्रेजों ने खत्म की हमारी कौशल व्यवस्था
पीएम मोदी ने कहा कि अंग्रेजों ने कौशल आधारित व्यवस्था को समाप्त किया। मैकाले ने देश की व्यवस्था को तबाह किया और उस शिक्षा व्यवस्था ने देश के कौशल को नुकसान पहुँचाया। उन्होंने केवल क्लर्क तैयार करने का काम किया। आज जब कोई बच्चा आईटीआई में प्रवेश लेता है, तो माता-पिता यह बात छिपाते हैं, लेकिन अब इस मानसिकता को खत्म करना होगा। जितना सम्मान आईआईटी के विद्यार्थियों को मिलेगा, उतना ही सम्मान आईटीआई के विद्यार्थियों को भी मिलना चाहिए।
आने वाले वर्षों में प्रमाणपत्रों से अधिक महत्व हुनर का होगा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आक्रांताओं ने भारतीय कारीगरों के हुनर को कमजोर करने के लिए उनके कौशल पर चोट की, जबकि अंग्रेजों ने मैकाले की शिक्षा व्यवस्था के माध्यम से कौशल आधारित परंपरा को पीछे धकेलकर कागजी क्लर्क तैयार करने वाली व्यवस्था को बढ़ावा दिया। आजादी के बाद भी डिग्री और प्रमाणपत्र को अधिक महत्व मिला तथा हाथ से काम करने वाले युवाओं को अपेक्षित सम्मान नहीं मिला। दादाजी धर्माधिकारी की पुस्तक में वर्णित एक प्रसंग सुनाते हुए उन्होंने कहा कि केवल पोस्ट ग्रेजुएट या गोल्ड मेडलिस्ट होना पर्याप्त नहीं, व्यक्ति को कोई काम आना भी चाहिए। अब समय बदल रहा है और आने वाले वर्षों में प्रमाणपत्रों से अधिक महत्व हुनर का होगा।
दुनिया को चाहिए भारत के हुनरमंद युवा
प्रधानमंत्री ने दक्षिण कोरिया, दुबई, अबूधाबी, कतर और कुवैत के अपने दौरों का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां के शाही परिवार भारतीय कारीगरों के परिश्रम और कौशल की सराहना करते हैं। आधुनिक शहरों के निर्माण में भारतीय कामगारों का बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि आज अनेक देश भारत के साथ समझौतों में हर साल हजारों की संख्या में कुशल मानव संसाधन की मांग कर रहे हैं। दुनिया को आईटीआई से प्रशिक्षित हुनरमंद युवा चाहिए। भारत को विश्व की स्किल कैपिटल बनाने में यही युवा केंद्र में रहेंगे।
जिसके पास कौशल है, उसका रोजगार कोई नहीं छीन सकता
उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से रोजगार छिनने की आशंकाओं के बीच युवाओं को समझना होगा कि जिसके पास कौशल है, उसका रोजगार कोई नहीं छीन सकता। कोविड काल में कुशल कामगारों की अहमियत पूरी दुनिया ने महसूस की। आज भारत मोबाइल फोन आयात करने वाले देश से आगे बढ़कर उनका निर्माण करने वाला देश बना है। देश की विनिर्माण क्षमता बढ़ाने में युवाओं के हुनर की महत्वपूर्ण भूमिका है।
एक दशक में पांच हजार नई आईटीआई, 30 से अधिक नए ट्रेड
आईटीआई का पाठ्यक्रम, मशीनें और प्रशिक्षकों का ज्ञान नई तकनीक के अनुरूप हो
उन्होंने कहा कि आईटीआई के प्रशिक्षित युवा अस्पतालों में चिकित्सा उपकरणों के संचालन से लेकर उद्योगों की उत्पादन क्षमता बढ़ाने तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सरकार का प्रयास है कि आईटीआई का पाठ्यक्रम, मशीनें और प्रशिक्षकों का ज्ञान नई तकनीक के अनुरूप हो तथा प्रशिक्षण का उद्योगों से सीधा जुड़ाव बने। प्रधानमंत्री ने पीएम सेतु के तहत 60 हजार करोड़ रुपये के निवेश का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे।
प्लंबरों की कमी ने बताई हुनर की अहमियत
प्रधानमंत्री ने रोजगार की संभावनाओं को समझाने के लिए पीएनजी कनेक्शन का उदाहरण दिया। पश्चिम एशिया में युद्ध और होर्मुज संकट के कारण गैस आपूर्ति को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच सरकार ने शहरों में प्रतिदिन एक लाख पीएनजी कनेक्शन देने का लक्ष्य तय किया था। समीक्षा बैठकों में पता चला कि पर्याप्त संसाधन और धन उपलब्ध होने के बावजूद प्लंबरों की कमी के कारण लक्ष्य हासिल नहीं हो पा रहा था। उन्होंने कहा कि यह उदाहरण बताता है कि देश में कुशल कामगारों की कितनी बड़ी जरूरत है। सोलर पावर, स्पोर्ट्स इक्विपमेंट, फिटनेस और खेल उद्योग जैसे क्षेत्रों में भी युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तेजी से बढ़ रहे हैं।
ग्रेटर नोएडा में 2027 में होगा वर्ल्ड स्किल्स एशिया आयोजन
प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि वर्ष 2027 में भारत वर्ल्ड स्किल्स एशिया प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। इसका आयोजन उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में होगा, जहां एशिया के विभिन्न देशों के युवा अपनी कौशल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने इस आयोजन की मेजबानी के लिए उत्तर प्रदेश को अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
यूपी के विकास से युवाओं के लिए बढ़े अवसर, बेटियां देर रात में भी सड़क पर सुरक्षित
उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने युवाओं के लिए अवसरों की कमी वाली पुरानी स्थिति को बदला है। आज प्रदेश एक्सप्रेसवे, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों, विश्वविद्यालयों, पर्यटन, मोबाइल विनिर्माण और सेमीकंडक्टर उद्योग के विस्तार के लिए जाना जा रहा है। ऑपरेशन सिंदूर में दुश्मन की नींद उड़ाने वाली ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण भी अब उत्तर प्रदेश में हो रहा है। इन परियोजनाओं से युवाओं के लिए रोजगार और कौशल आधारित अवसर बढ़ रहे हैं। उन्होंने काशी में एक फैक्ट्री के उद्घाटन के दौरान मिली उस युवती का उदाहरण दिया, जिसने बताया था कि वह रात 11 बजे भी काम खत्म कर सुरक्षित घर लौटती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि योगी सरकार ने प्रदेश में सुरक्षा का ऐसा वातावरण बनाया है, जहां बेटियां देर रात भी काम से घर लौटने में सुरक्षित महसूस कर रही हैं। सुरक्षा का एहसास और समृद्धि का विश्वास ही विकसित भारत का आधार बनेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने विभिन्न ट्रेडों के ऑल इंडिया टॉपर्स को किया सम्मानित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम के दौरान विभिन्न श्रेणियों के ऑल इंडिया टॉपर्स को अपने हाथों से मंच पर पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में सीटीएस ऑल इंडिया टॉपर्स के अंतर्गत इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक ट्रेड के लिए काव्या लेका आर.एन. (SMRV गवर्नमेंट इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट फॉर वुमेन, नागरकोइल, तमिलनाडु), कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट के लिए संधना लक्ष्मी आर. (गवर्नमेंट इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट फॉर वुमेन, पुल्लंबाड़ी) और डेटा एंट्री ऑपरेटर के लिए ताबिश शौकत (गवर्नमेंट इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर) शामिल रहीं। सीटीएस स्पेशल टॉपर्स की दिव्यांग श्रेणी में मेटल कटिंग अटेंडेंट ट्रेड के लिए अमित बैरागी (रामकृष्ण मिशन ब्लाइंड बॉयज एकेडमी, पश्चिम बंगाल) तथा कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट के लिए सूरज साहू (गवर्नमेंट डिवीजनल आईटीआई, भोपाल, मध्य प्रदेश) को सम्मानित किया गया।
सीटीएस स्पेशल टॉपर्स वुमेन एंड हार्ड ट्रेड्स श्रेणी में मैकेनिकल मोटर व्हीकल ट्रेड के लिए सुप्रीति मोहपात्रा (गवर्नमेंट इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, पुरी, ओडिशा) और सोलर टेक्नीशियन इलेक्ट्रिकल ट्रेड के लिए संगीता टी. (गवर्नमेंट आईटीआई, अलथूर, तमिलनाडु) को पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं, सीआईटीएस ऑल इंडिया टॉपर्स में ऑफिस मैनेजमेंट के लिए एंजेल मैरी एंटो (नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, केरल), इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक के लिए शहबाज खान (गवर्नमेंट इंस्टीट्यूट फॉर ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स, अलीगंज, उत्तर प्रदेश) तथा इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के लिए संध्या देवी (नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, नोएडा, उत्तर प्रदेश) को प्रधानमंत्री मोदी ने सम्मानित किया। इन अवॉर्डीज की पोशाकें एनएसटीआई फॉर वुमेन, नोएडा की सीआइटीएस प्रशिक्षुओं ने स्वयं डिजाइन की और तैयार की हैं।
