उधमपुर: दहेज के लिए पहले तोड़े दांत फिर की हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दहेज के लोभियों के कारण एक और महिला मौत की भेंट चढ़ गई। मृतक महिला के मायके वालों ने उधमपुर में देविका के पास शव जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर रखकर प्रदर्शन किया।
इस दौरान आरोपी पति को फांसी की सजा देने की मांग की। हालांकि मामले में कठुआ के नगरी पुलिस थाने ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी पति सुनील कुमार को हिरासत में ले लिया है।
उधमपुर के बैंस्ता क्षेत्र निवासी संयोगिता (सुमन) की हत्या का आरोप लगाते हुए उसके परिवार के सदस्यों ने पति सुनील कुमार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
सुमन की मां निर्मला देवी और पिता रमेश कुमार ने बताया कि पांच साल पहले सुमन की शादी सुनील कुमार से हुई थी। सुनील राज मिस्त्री का काम करता है।
वह अक्सर पत्नी से दहेज के लिए मारपीट करता था। उन्होंने यह भी कहा कि वह शराब पीकर घर में हंगामा करने के अलावा घर खर्च के लिए रुपये भी नहीं देता था।
दहेज की मांग पर वह अक्सर सुमन को घर भेजता रहा। मृतका के मायके वालों ने यह भी कहा कि सुनील ने उनकी बेटी के सिर पर तेजधार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
पहले भी तोड़े थे दांत
सुमन की मां निर्मला देवी के अनुसार पंद्रह दिन पहले ही सुमन को वापस ससुराल भेजा गया था। उन्होंने कहा कि पहले भी सुनील ने सुमन के दांत तोड़ दिए थे। मारपीट के कारण मुंह में सुजन हो गई थी।
इसके बाद वह मायके आ गई थी। नगरी गांव के सरपंच, दो ननदें, बहनोई उनके घर आए थे। अपनी गारंटी के साथ वह सुमन को वापस घर ले गए। उन्होंने कहा कि किसे पता था कि 15 दिन बाद उसकी हत्या कर दी जाएगी।
कहा कि अगर सुमन को उन्हें साथ नहीं रखना था, तो उनकी इकलौती बेटी को वापस भेज देते। उसे मारने की क्या जरूरत थी। उन्होंने गारंटी देकर वापस ले जाने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
तीन वर्षीय बेटे ने दी मुखाग्नि
इसकी परिवार के किसी सदस्य को जानकारी भी नहीं दी। पुलिस ने उन्हें इस मामले की सूचना दी। उन्होंने यह भी कहा कि नगरी जाने के बाद पुलिस ने भी कोई सहयोग नहीं किया और उल्टे धमकाया।
शव का नगरी में अंतिम संस्कार करना चाहते थे, लेकिन उन्हें ऐसा नहीं करने दिया। इसके बाद वह उधमपुर पहुंचे। पुलिस से उन्होंने मांग की कि वह इस मामले में कठुआ पुलिस पर दवाब बनाए, ताकि आरोपी को कड़ी सजा दी जा सके।
करीब एक घंटे तक शव को हाईवे पर रखने के दौरान पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। एसएसपी उधमपुर ने कठुआ पुलिस से बात कर ली है।
आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पैंथर्स पार्टी नेता धनी राम अत्री ने मौके पर पहुंचकर पुलिस से बात की। इसके बाद देविका में मृतका का अंतिम संस्कार किया गया।
मृतका सुमन के तीन वर्ष के बेटे जतिन ने मां को मुखाग्नि दी। जतिन अपने मामा की गोद में बैठकर चुपचाप सब कुछ देख रहा था। उसे शायद ही पता होगा कि उसकी मां अब इस दुनिया में नहीं है।
जतिन के मामा गिरधारी लाल ने कहा कि जतिन का पिता जेल में है और कमाई भी नहीं करता है। इसलिए उसे वह अपने साथ ले आए।