औरैया: आतिशबाजी की चिंगारी से गड्ढे में भरे पाम ऑयल में लगी आग, ऊंची लपटें देख मची अफरातफरी, दमकल ने पाया काबू
Auraiya News: अनंतराम क्षेत्र के बाबरपुर कस्बे में भटा रोड पर शुक्रवार को एक शादी समारोह में हो रही आतिशबाजी की चिंगारी गिरने से सड़क किनारे गड्ढे में भरे पाम ऑयल में भीषण आग लग गई। आग की ऊंची लपटें देख अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
विस्तार
औरैया जिले के अनंतराम कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को बाबरपुर कस्वे में भटा रोड पर एक शादी समारोह में हो रही आतिशबाजी की चिंगारी से गड्ढे में भरे पॉम ऑयल में आग लग गई। आग की ऊंची लपटें देख अफरातफरी मच गई। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने आग लगने की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। कोतवाली पुलिस फायर बिग्रेड की टीम के साथ मौके पर पहुंची और एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
गौरतलब हो कि बीते 16 नवंबर को नेशनल हाईवे पर भटा रोड के सामने सवारी उतारने के बाद स्कूटी उतारते समय पॉम ऑयल से भरे टैंकर ने स्लीपर बस में टक्कर मार दी थी। इससे बस में बैठे दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वहीं, टक्कर लगने के बाद टैंकर हाईवे पर पलट गया था और उसमें भरा पॉम ऑयल हाईवे पर फैलने के साथ बहता हुआ सड़क के किनारे एक गड्ढे में भर गया था।
चिंगारी गिरते ही पॉम ऑयल जलने लगा
शुक्रवार की दोपहर ऑयल मालिक के द्वारा गड्ढे में भरा पॉम ऑयल कुछ टैंकर में भरा गया था। शुक्रवार को पास के गेस्ट हाऊस साधना मैरिज होम में शादी समारोह का कार्यक्रम था। शादी समारोह में की गई आतिशबाजी से निकली चिंगारी पॉम ऑयल पर गिरने से ऑयल जलने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं।
एक घंटे में आग पर पाया काबू
लपटें उठती देख पास में पार्क किए गए वाहनों को हटाया गया। लोगो ने आनन फानन पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस ने फायर बिग्रेड टीम को सूचना दी। मौके पर पहुंचे अग्निशमन कर्मियों ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कोतवाली प्रभारी विजय बहादुर ने बताया कि आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। समय रहते आग को बुझा दिया गया था।
