सांबा। जिले के रामगढ़ कस्बे के वार्ड-5 में मंगलवार को पार्षद सुदेश कुमारी पत्नी गुरचरण सिंह के घर में शार्ट सर्किट से आग लग गई। इसमें घर में लाखों का सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार यह हादसा सुबह 7 बजे के करीब हुआ। जब घर के सभी सदस्य काम में व्यस्त थे। तो पूजा रूम में शार्ट सर्किट से आग लग गई। इससे देखते ही देखते आग सारे घर में फैल गई। घर में रखा फर्नीचर, कपड़े, बिजली उपकरणों में एलईडी, फ्रिज, एसी, पंखे, 5 तोले सोने के गहने, 2 लाख से ज्यादा नकदी आदि सामान जलकर राख हो गया। घर से आग की लपटें निकलती देखते आस पड़ोस के युवाओं ने पानी की मोटर लगाकर आग को काबू में लिया, जब तक आग पर काबू पाया गया तब तक लाखों का सामान जल कर राख हो चुका था। जब यह हादसा हुआ तब घर में तीन लोग थे। इसमें पार्षद सुदेश कुमारी, उनकी बेटी, बहु और पोती थी। जानकारी मिलते ही पूर्व मंत्री सुरजीत सिंह सलाथिया, पार्षद सुदेश के घर पहुंचे। इसके साथ ही नगरपालिका अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा और उपाध्यक्ष कमलेश रानी, पार्षद पवन कुमार और पार्षद दिलबाग सिंह सोनी भी मौके पर पहुंचे। हालात को देखते अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा ने अफसोस व्यक्त करते हुए परिवार को 30 हजार की सहायता प्रदान की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।