रिस्पा में लगा एक दिवसीय संयुक्त जागरूकता शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। रिस्पा पंचायत में महिलाओं और किसानों-बागवानों को विभागों की योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। उद्यान विभाग किन्नौर के उपनिदेशक डॉ. भूपेंद्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में एक दिवसीय संयुक्त जागरूकता शिविर लगा। शिविर में स्वास्थ्य, उद्यान, कृषि, पशुपालन, कल्याण, उद्योग और एससी/एसटी निगम समेत विभिन्न विभागों ने भागीदारी निभाई। कार्यक्रम में सभी विभागों के विशेषज्ञों ने ग्रामीणों को उनकी आवश्यकताओं से संबंधित विषयों पर जागरूक किया। उपनिदेशक डॉ. भूपेंद्र सिंह नेगी ने उद्यान विभाग की सभी सब्सिडी आधारित योजनाओं, विभिन्न परियोजनाओं और किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में विंटर सीजन फ्रूट पौधों की मांग लगातार बढ़ रही है। इसे ध्यान में रखते हुए विभाग आवश्यक कदम उठा रहा है। तकनीकी सत्र में विषय विशेषज्ञ (उद्यान) पूह डॉ. देव राज कायथ ने उपस्थित किसानों को आधुनिक बागवानी तकनीकों, पौध संरक्षण में महत्वपूर्ण प्राकृतिक शत्रु अपहेलिनस माली की भूमिका, फसल बीमा और पौधों की स्टेम उपचार विधियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विभाग की ओर से किसानों के लिए उपलब्ध विभिन्न योजनाओं और वर्तमान फील्ड गतिविधियों की भी जानकारी साझा की। कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें किसानों ने अपनी समस्याएं विशेषज्ञों के समक्ष रखीं और समाधान प्राप्त किए। इस अवसर पर प्रधान राजेंद्र सिंह और उपप्रधान विजय सहित कई अन्य उपस्थित रहे।