जयराम ठाकुर बोले: प्रदेश को गारंटियों का हिसाब देने के बजाय दिल्ली में रैली कर रही है हिमाचल सरकार
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश में अपनी झूठी गारंटियों का हिसाब देने के बजाय देश भर में घूम-घूम कर वोट चोरी के खिलाफ अभियान चला रहे हैं और रैलियां निकाल रहे हैं।
विस्तार
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिमला से जारी बयान में कहा कि झूठी गारंटियों और घोषणा पत्र के नाम पर जनादेश चोरी करने वाले मुख्यमंत्री अपनी झूठी गारंटियों का हिसाब देने के बजाय देश भर में घूम-घूम कर वोट चोरी के खिलाफ अभियान चला रहे हैं और रैलियां निकाल रहे हैं। हर जगह वह जाकर सिर्फ अपने झूठ का पिटारा खोलते हैं और प्रदेश के लोगों से झूठ बोलकर उन्हें गुमराह करते हैं लेकिन अब देश भर के लोगों ने कांग्रेस की हकीकत पहचान ली है। जहां-जहां मुख्यमंत्री और उनके वरिष्ठ नेता यह रैलियां निकाल रहे हैं वहां-वहां से कांग्रेस का सूपड़ा साफ होता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोग चौतरफा सरकार की नाकामियों से जूझ रहे हैं और पूरी सरकार दिल्ली में आला कमान को खुश करने में लगी हुई है। कांग्रेस का पूरा नेतृत्व संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करता रहा है। चुनाव आयोग पर, केंद्र सरकार पर अनर्गल आरोप लगाता रहता है। भाजपा तथा एनडीए को वोट देने वाले जनता जनार्दन पर भी सवाल उठाता है। कांग्रेस का यह अभियान देश के प्रबुद्ध वोटर्स का भी अपमान है। इसलिए हिमाचल सरकार के सभी कार्यकर्ताओं को अपनी झूठी गारंटियों के नाम पर जनादेश हथियाने के लिए माफी मांगनी चाहिए।
जयराम ठाकुर ने हिमाचल के सिरमौर के पवित्र पश्मी गांव में छत्रधारी चालदा महासू महाराज का स्वागत करते हुए कहा कि महराज के पावन आगमन से पूरे क्षेत्र में आस्था, श्रद्धा और उल्लास का वातावरण है। प्रभु का एक वर्ष तक पश्मी गांव में विराजमान रहना समस्त हिमाचल प्रदेश के लिए सौभाग्य और दिव्य आशीर्वाद का प्रतीक है। जयराम ठाकुर ने कहा कि महासू महाराज जी हिमाचल की लोकसंस्कृति और देव आस्था के रक्षक हैं। उन्होंने देवता से देवभूमि हिमाचल की हर प्रकार से रक्षा करने, प्रदेश को प्राकृतिक आपदाओं व अन्य विपत्तियों से सुरक्षित रखने तथा प्रदेशवासियों को सुख, शांति, समृद्धि और सद्भाव का आशीर्वाद देने की कामना की।