सोनीपत। दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि (डीसीआरयूएसटी) मुरथल में वीसी प्रो. राजेंद्र कुमार अनायत ने सोमवार को विवि का ऑफिशियल ट्विटर हैंडल जारी किया। विश्वविद्यालय के ट्विटर हैंडल पर विश्वविद्यालय की नवीनतम सूचनाएं उपलब्ध होंगी। जिस पर एडमिशन से लेकर कोर्स व अन्य सभी नई जानकारी विद्यार्थियों को मिलती रहेंगी।
वीसी प्रो. राजेंद्र कुमार अनायत ने बताया कि सूचना क्रांति के इस दौर में सोशल मीडिया सूचनाओं के आदान प्रदान का सबसे बेहतर माध्यम है। सोशल मीडिया का एक विशाल नेटवर्क है जो कि सारे संसार को जोड़े रखता है। यह तीव्र गति से सूचनाओं का आदान-प्रदान करता है। इसको देखते हुए ही यूनिवर्सिटी ने अपना ट्विटर हैंडल जारी किया है। उन्होंने कहा कि ट्विटर हैंडल के माध्यम से विद्यार्थी, शिक्षक, पूर्व छात्र व अन्य सभी विवि की गतिविधियों के साथ जुड़े रहेगें। विश्वविद्यालय का ट्विटर हैंडल @Murthal DCRUST है। वीसी ने कहा कि विवि के फेसबुक का अकाउंट पहले से जारी है, जिस पर विवि की सूचनाएं उपलब्ध रहती हैं। इस दौरान रजिस्ट्रार प्रो. अनिल खुराना, शैक्षणिक अधिष्ठाता प्रो. राजकुमार, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. रेखा, डॉ. पवन दहिया, डीक्रूटा के अध्यक्ष डॉ. दिनेश सिंह उपस्थित रहे।