Sonipat: युवती से सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में 12 को आएगा फैसला, दोषी करार युवकों की होगी सुनवाई
अदालत 12 दिसंबर को दोषी करार दिए गए दोनों युवकों की सुनवाई करेगी। दोषियों के लिए अदालत से कठोरतम सजा मांगी गई है। सामूहिक दुष्कर्म कर रोहतक में निर्मम हत्या कर दी गई थी।
विस्तार
हरियाणा के सोनीपत में युवती संग गैंगरेप व हत्या के बहुचर्चित मामले में अब 12 दिसंबर की सुनवाई होने के बाद फैसला आएगा। अदालत मामले में दो आरोपियों को दोषी करार दे चुकी है। शहर क्षेत्र से युवती का अपहरण करने के बाद उससे सामूहिक दुष्कर्म कर रोहतक में निर्मम हत्या कर दी गई थी।
पुलिस ने रोहतक की पार्श्वनाथ सिटी में युवती का शव बरामद किया था। उसकी शिनाख्त सोनीपत की 19 वर्षीय युवती के रूप में हुई थी। युवती घर से 9 मई, 2017 को फैक्टरी में जाने के निकली थी। युवती की मां ने कीर्ति नगर के सुमित पर उसकी बेटी के अपहरण का आरोप लगाया था।
आरोपी को सीआईए की टीम ने कीर्ति नगर के सुमित को तमंचे सहित पकड़ा था। उसने पूछताछ में बताया था कि उसने कबीरपुर निवासी विकास यादव के साथ मिलकर युवती का कार में अपहरण किया था। उसके बाद वह युवती को कार में लेकर रोहतक गए थे। रोहतक में उसे कोई नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था।
उसकी पार्श्वनाथ सिटी में ले जाकर हत्या कर दी थी। साथ ही उसके साथ दरिंदगी करते हुए मृत शरीर को खुर्द-बुर्द कर दिया था। सुमित के बाद आरोपी विकास यादव को भी गिरफ्तार कर लिया था। शुक्रवार को एएसजे आरपी गोयल की अदालत ने सुमित व विकास यादव को दोषी करार दिया था।
युवती के अधिवक्ता मोमिन मलिक ने बताया कि अदालत अब मामले में 12 दिसंबर की सुनवाई करने के बाद फैसला सुनाएगी। उन्होंने बताया कि मामले में 124 तारीख लगी हैं। साथ ही पीड़िता के माता-पिता, उसकी फैक्टरी जा रही सहकर्मी समेत 44 लोगों की गवाही कराई गई है। उन्होंने मामले में माननीय अदालत से कठोरतम सजा देने की मांग की है।