यूपी चुनाव 2022: अखिलेश ने सीएम योगी के झांसी दौरे को लेकर कसा तंज, बोले- नींद में बाबाजी का रखें ध्यान, कहीं सपने में उठकर वहां न चले जाएं
विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झांसी में मेगा रोड शो किया, जिसमें जन सैलाब उमड़ पड़ा। मढ़िया महाकालेश्वर मंदिर से योगी ने महादेव का आशीर्वाद लेकर रोड शो की शुरुआत की।
विस्तार
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सीएम योगी आदित्यनाथ के झांसी दौरे को लेकर तंज कसा है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि झांसी में शयन कर रहे बाबाजी का ध्यान रखें, कहीं वो सपने में उठकर उस हवा-हवाई झांसी-दिल्ली एक्सप्रेस-वे पर या झांसी मेट्रो में विचरण करने न चले जाएं, जिसका झूठा वादा उन्होंने मुख्यमंत्री बनने के बाद झांसी से किया था। इस बार बुंदेलखंड की जनता इन धोखा देनेवालों को खंड-खंड कर देगी।
विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झांसी में मेगा रोड शो किया था, जिसमें जन सैलाब उमड़ पड़ा था। मढ़िया महाकालेश्वर मंदिर से योगी ने महादेव का आशीर्वाद लेकर रोड शो की शुरुआत की थी। पौने दो घंटे तक चले रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरे। जगह-जगह लोगों ने सीएम का स्वागत करते हुए पुष्पवर्षा की।
योगी ने लोगों को संबोधित किया। घर-घर से योगी पर पुष्प वर्षा होती रही। शहर भर का माहौल भगवामय हो गया। रोड शो के दौरान उमड़े जनसैलाब को संभालने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह रथ से उतरकर खुद कई बार रोड शो में शामिल भीड़ को आगे बढ़वाते रहे। इस दौरान जय श्री राम, फिर एक बार योगी सरकार समेत कई नारे गूंजते रहे। डीजे की धुन पर युवा थिरकते रहे। भगवा और भाजपा के झंडे जगह-जगह दिखाई दिए।
सभी योगी की एक झलक पाने को बेताब थे
रोड शो के दौरान क्या बच्चे, क्या जवान और क्या बूढ़े, हर उम्र के लोग योगी की एक झलक देखने को बेताब थे। यहां तक कि बड़ी संख्या में युवतियां और महिलाएं भी शो के दौरान जगह-जगह नजर आईं और योगी पर फूलों की बरसात की।
मुस्लिम युवक ने दिया साफा
रोड शो के दौरान योगी को एक मुस्लिम युवक साफा देने के लिए बढ़ा लेकिन वो भारी-भीड़ की वजह से उन तक नहीं पहुंच पा रहा था। जब योगी की नजर युवक पर पहुंची तो उन्होंने सुरक्षा कर्मियों से कहकर साफा मंगवाया और पहन लिया।