प्रयागराज निवासी सुषमा ऊंचागांव सीएचसी पर एएनएम के पद पर हैं तैनात - सीएचसी प्रभारी के नोटिस पर बाइक से पति-पुत्र के साथ आ रहीं थी ऊंचागांव। ससुर की बीमारी के कारण ऊंचागांव सीएचसी पर तैनात सुषमा गत 20 मार्च से अपनी ससुराल प्रयागराज जनपद में थीं। लेकिन, होनी को कुछ और ही मंजूर था। एक ओर कोरोना संक्रमण के चलते यातायात सुविधा पूरी तरह से ठप है, वहीं दूसरी ओर ड्यूटी पर पहुंचने के लिए ऊंचागांव सीएचसी प्रभारी का नोटिस सुषमा को मिल गया।
पति व पुत्र के साथ बाइक पर सवार होकर ऊंचागांव के लिए प्रयागराज से निकलीं, लेकिन रास्ते में ही सड़क दुर्घटना में उनके पति व पुत्र की मौत हो गई और वह खुद गंभीर रुप से घायल हो गईं। मिली जानकारी के अनुसार प्रयागराज की तहसील बारहा के गांव पहाड़ी कलां निवासी सुषमा की जनपद के ऊंचागांव सीएचसी पर एएनएम के पद पर तैनाती है। गत 20 मार्च को उनके ससुर की तबियत अचानक खराब हो गई।
इस कारण वह अपनी ससुराल चली गई थीं। लेकिन, इसी दौरान गत 24 मार्च की देर रात देशभर में लॉकडाउन कर दिया गया और यातायात संचालन भी बंद हो गया। एक तरफ घर पर ससुर बीमार थे और दूसरी तरफ वह ड्यूटी पर जाने के लिए कोई यातायात सुविधा न होने से परेशान थीं। दो बार सीएचसी ऊंचागांव प्रभारी उन्हें नोटिस जारी कर चुके थे। वहीं, अब गत दिनों तीसरा व अंतिम नोटिस भी सीएचसी प्रभारी ने जारी किया और ड्यूटी पर हाजिर होने के लिए सुषमा से कहा गया। जिसके बाद नौकरी की खातिर वह अपने पति अखिलेश सिंह और आठ वर्षीय पुत्र आदित्य के साथ बाइक पर सवार होकर रविवार सुबह बुलंदशहर के ऊंचागांव आने के लिए निकली थीं।
बताया गया कि रास्ते में ही जनपद कानपुर व फतेहपुर मार्ग पर अज्ञात वाहन टक्कर से उनके पति व पुत्र की मौत हो गई। जबकि, वह गंभीर रुप से घायल हो गईं। वहीं, दूसरी ओर सीएचसी प्रभारी सुनील सिंह का कहना है कि कोरोना संक्रमण के चलते ड्यूटी ज्वाइन करने को उन्हें तीसरा व अंतिम नोटिस जारी किया गया था। वह गत २० मार्च से ड्यूटी पर नहीं आ रही थीं। घटना की जानकारी से उंचागांव सीएचसी कर्मचारियों में रोष व्याप्त है।