साली और पत्नी लगाने चली थी डॉक्टर को फांसी, पंखे की रॉड टूटने से बची जान
सूरजपुर में एक डॉक्टर ने अपनी पत्नी और साली पर फांसी लटकाकर उसे मारने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। उसका आरोप है कि दोनों ने मिलकर मारने की नीयत से उसको पंखे पर लटका दिया।
हालांकि, पंखे की रॉड टूट गई और डॉक्टर की जान बच गई। इस दौरान उसके पैर की हड्डी टूट गई। डॉक्टर ने सूरजपुर पुलिस से मामले की शिकायत की है, जबकि पुलिस ने प्रथमदृष्टया नशे में उसके द्वारा फंदा लगाने की बात कही है।
मूलरूप से बिहार निवासी डॉ. बच्चन झा का सूरजपुर में क्लीनिक है। वे कस्बे में ही पत्नी और 15 साल के बेटे के साथ रहते हैं। पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार शाम चार बजे अपने कमरे में सो रहा था।
घटना के बाद साली और पत्नी हुए फरार
इसी बीच पत्नी ने गले में रस्सी का फंदा डाल दिया और फिर साली ने रस्सी खींच कर पंखे से बांध दी। भार अधिक होने से पंखे की रॉड टूट गई और नीचे गिर पड़े।
घटना के बाद से आरोपी पत्नी और साली मौके से फरार हो गए। वहीं गिरने से काफी चोटें आई। पीड़ित ने फोन कर पुलिस बुला ली। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर डॉक्टर से शिकायत ली और उसको उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
उन्होंने बताया कि उनके पैर की हड्डी भी टूट गई है। उन्होंने पुलिस को पत्नी और साली का चाल-चलन ठीक न होने की शिकायत दी है। उनका कहना है कि इस बात का कई बार विरोध कर चुके हैं। इस वजह से दोनों मिलकर मारना चाहते हैं।