चेक पर फर्जी हस्ताक्षर कर हड़पे 5 लाख, धोखाधड़ी का केस दर्ज
चेक पर फर्जी हस्ताक्षर कर 5 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। चेक पर फर्जी हस्ताक्षर कर धोखे से पांच लाख हड़पने के आरोप में विधायक के पीए पर धारा 420 के तहत मामला दर्ज हुआ है।
पुलिस में दर्ज शिकायत में नीरज शर्मा गांव डोल पीओ गोपालपुर तहसील सरकाघाट का कहना है कि वह आकार सेवा कार्य समिति के चेयरमैन हैं। आरोपी अभिमन्यु महाजन समिति के सचिव हैं।
ऐसे दिया धोखाधड़ी को अंजाम
08 जून 2016 को नीरज ने कुछ लोगों के साथ मिलकर समिति का गठन किया। एसबीआई बैंक में समिति का अकाउंट नंबर 35825542426 खुलवाया गया।
इस अकाउंट से चेक बुक नंबर 115136 और 115235 इश्यू हुए हैं। आरोप है कि अभिमन्यु ने उनके जाली हस्ताक्षर करके चेक बुक निकाली और पांच लाख निकाल लिए। मामले की जांच एएसआई राजकुमार कर रहे हैं।
एसपी मंडी गुरदेव चंद ने बताया कि पुलिस ने शिकायत पर धारा 420 के तहत मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर, अभिमन्यु महाजन ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है।