ड्राइवर ने की रॉकी के कातिलों की शिनाख्त, जयपाल गैंग के हैं दोनों शूटर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शिमला कालका एनएच पर टीटीआर के पास बीते शनिवार को गैंगवार में पंजाब के नेता जसविंद्र सिंह उर्फ रॉकी को गोली मारकर मौत के घाट उतारने वाले दोनों शूटरों की शिनाख्त हो गई है। पीजीआई में उपचाराधीन रॉकी के ड्राइवर व रिश्तेदार परम पाल पाली ने दोनों शूटरों को पहचानने का दावा किया है।
पाली ने हिमाचल पुलिस को दिए बयान में कहा है कि वह शूटरों को पहचानता है। पिस्टल से गोली दागने वाला जयपाल गैंग का मुख्य गैंगस्टर खुद जयपाल और उसके साथ तीर्थ था। पुलिस के मुताबिक पूरा गैंग अंडरग्राउंड है। उनके पास लोकेशन के पुख्ता सुबूत है। जल्द ही पंजाब और हरियाणा टीम के साथ सर्च ऑपरेशन शुरू किया जा सकता है।
उधर, पुलिस ने आगामी छानबीन करते हुए टोल प्लाजा से सीसीटीवी फुटेज में भी दोनों शूटरों का मिलान कर लिया है। पुलिस ने तीन टीमों का गठन किया है। तीन टीमों में से दो पंजाब और एक हरियाणा के लिए तैयार हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जयपाल का गिरोह हरियाणा से भी ऑपरेट करता है।
मौके पर मजदूरों ने भी पहचाना शूटरों को
पुलिस ने रविवार को घटनास्थल का दोबारा दौरा किया। इस दौरान फोरलेन कार्य में लगे मजदूरों को जयपाल और उसके साथी तीर्थ के फोटोग्राफ दिखाए गए। श्रमिकों से पूरी घटना की जानकारी ली गई। इस दौरान मजदूरों ने गोली दागने वाले दोनों आरोपियों को पहचान लिया है। इसके अलावा पुलिस उस मोटरसाइकिल की तलाश भी कर रही है, जिस पर शातिरों ने रेकी की है।
रॉकी ने एफबी पर पोस्ट की लास्ट फोटो
पुलिस के मुताबिक फेसबुक (एफबी) पर जसविंद्र ने लास्ट फोटो सोलन में अपलोड की है। सोलन में मेहमाननवाजी करने वाले से भी पूछताछ में बताया जा रहा है कि सोलन में जसविंद्र एक कारोबारी के पास ठहरा था। पुलिस इस लिंक को तलाशने में भी जुटी हुई है।
कारोबारी से पुलिस जल्द पूछताछ कर सकती है। चंडीगढ़ में शुक्रवार को दाह संस्कार के बाद रॉकी और उसके रिश्तेदार सोलन में ठहरने आए थे। शनिवार सुबह करीब पौने दस बजे शूटरों ने टिंबर ट्रेल के पास घात लगाकर गोलियां बरसा दीं, जिससे रॉकी की अस्पताल लाते वक्त मौत हो गई थी।
पंजाब पुलिस के साथ साझा करेंगे सूचना
डीएसपी परवाणू प्रमोद चौहान ने बताया कि दोनों शूटरों की शिनाख्त कर ली गई है। गाड़ी के चालक परम पाल पाली और घटनास्थल के आसपास काम करने वाले श्रमिकों ने जयपाल गैंग के मुख्य सरगना जयपाल और तीर्थ की शिनाख्त कर ली है। अभी पूरी गैंग अंडरग्राउंड है। इनकी लोकेशन के पुख्ता सुबूत पुलिस के पास हैं। पंजाब और हरियाणा पुलिस के साथ सूचना साझा की जा रही है। जल्द ही शूटर पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा, इस कारण हुई रॉकी की मौत
शिमला के आईजीएमसी अस्पताल में कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच रविवार को गैंगवार में मारे गए पंजाब के नेता जसविंद्र सिंह उर्फ रॉकी का पोस्टमार्टम किया गया। रॉकी के माथे पर नजदीक से गोली मारी गई जो आरपार हो गई। इसी से रॉकी की मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ हो गया है कि रॉकी को कातिलों ने तसल्ली से अपने निशाने पर लिया। गाड़ी में इतना सटीक निशाना लगाना किसी शॉर्प शूटर का ही काम हो सकता है। एसपी शिमला डी डब्ल्यू नेगी ने बताया कि पोस्टमार्टम पूरा हो जाने के बाद रॉकी का शव एक एंबुलेंस से कड़ी सुरक्षा के बीच ले जाया गया।
शिमला पुलिस ने सोलन की सीमा तक एंबुलेंस को पहुंचाया, उसके बाद आगे की जिम्मेदारी सोलन पुलिस की थी। आईजीएमसी के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश ने कहा कि गोली काफी करीब से माथे पर मारी गई है। यही गोली मौत की वजह बनी।
उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। उधर, रॉकी के करीबी मीडिया से बात करने से बचते रहे। मीडिया के काफी आग्रह के बाद भी रॉकी का कोई भी करीबी इस पूरे प्रकरण पर बोलने को तैयार नहीं हुआ।