224 श्रद्धालुओं का जत्था स्पेशल ट्रेन से पहुंचा पाकिस्तान, वाघा स्टेशन पर हुआ स्वागत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शेरे-ए-पंजाब महाराजा रणजीत सिंह की 180वीं बरसी मनाने के लिए 224 श्रद्धालुओं का जत्था खालसाई जयकारों के साथ अंतरराष्ट्रीय अटारी रेलवे स्टेशन से एक स्पेशल ट्रेन से पाकिस्तान रवाना हो गया। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के तत्वाधान से पाकिस्तान गए इस जत्थे में चीफ सेक्रेटरी डॉ रूप सिंह भी शामिल हैं।
वाघा स्टेशन पहुंचने पर पाकिस्तान गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष भाई तारा सिंह सहित अकाफ बोर्ड के चेयरमैन डॉ. आमिर अहमद और अन्य पदाधिकारियों ने जत्थे का स्वागत किया। भाई तारा सिंह ने जत्थे के नेता गुरमीत सिंह बुह और डॉ रूप सिंह को फूलों के हार पहनाए।
पाकिस्तान रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत में डॉ रूप सिंह ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में एसजीपीसी द्वारा 25 जुलाई को गुरुद्वारा ननकाना साहिब में सजाए जाने वाले इंटरनेशनल नगर कीर्तन के प्रबंधों के बारे में वह पीएसजीपीसी के साथ चर्चा करेंगे। श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश अस्थान होने के कारण सिख संगत की भावनाएं गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब के साथ जुड़ी हुई हैं।
एसजीपीसी इन भावनाओं को ध्यान में रख कर प्रकाश पर्व का पहला नगर कीर्तन इसी धार्मिक अस्थान से शुरू करने की योजना बना रही है। पाकिस्तान दौरे के दौरान वह दिल्ली स्थित पाकिस्तान दूतावास द्वारा श्रद्धालुओं के वीजा काट देने के मामले पर भी पीएसजीपीसी के साथ बातचीत करेंगे।
पाकिस्तान द्वारा 58 श्रद्धालुओं के वीजा रद्द करने के कारण संगत निराश है। उन्होंने मांग की कि भारत सरकार इस संदर्भ में पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के साथ बातचीत कर इस समस्या का हल निकाले।
डॉ रूप सिंह ने बताया कि एसजीपीसी पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारा साहिबान के लिए दो सेट चंदोए साहिब, छह चौर साहिब, 23 निशान साहिब के चोले के साथ-साथ रुमाला साहिब, ककार और सिरोपा लेकर जा रही है। पीएसजीपीसी द्वारा इस यात्रा में किए बदलाव के कारण जत्था पहले गुरुद्वारा डेरा साहिब में पहुंचेगा।
29 जून को महाराजा रणजीत सिंह की बरसी कार्यक्रम में भाग लेने के बाद जत्था गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब, श्री पंजा साहिब, गुरुद्वारा रोड़ी साहिब एमनाबाद, गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब, गुरुद्वारा श्री सच्चा सौदा के दर्शन करने के बाद छह जुलाई को लौट आएगा।