Coronavirus: चंडीगढ़ के बापूधाम में फिर मिले छह नए पॉजिटिव केस, तीन मरीज हुए डिस्चार्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंडीगढ़ में कोरोना का हॉटस्पॉट बन चुके बापूधाम में एक बार फिर कोरोना की चेन सक्रिय हो गई है। चार दिन के विराम के बाद पांचवें दिन सोमवार को एक बार फिर बापूधाम से छह नए कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आ गए, जिससे प्रशासन के साथ स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एक बार फिर चिंतित हो उठे।
यह सभी मरीज जीएमसीएच-32 के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं। सोमवार को पॉजिटिव पाए गए मरीजों में 29 वर्षीय महिला, 48 वर्षीय पुरुष, 26 वर्षीय युवक, 60 वर्षीय बुजुर्ग और 10 और 12 साल के दो बच्चे शामिल हैं। छह नए मरीजों के मिलने के बाद चंडीगढ़ में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 197 हो गई है।
यह भी पढ़ें- मोहाली में क्या खुलेगा, क्या रहेगा बंद, यहां पढ़ें- गाइडलाइन, शादी और अंतिम संस्कार में 20 लोग ही होंगे शामिल
यह सभी मरीज अपने ही परिवार के कोरोना संक्रमित सदस्यों के संपर्क में आकर पॉजिटिव हुए हैं। ऐसा माना जा रहा है कि अगर बापूधाम में सोशल डिस्टेंसिंग के मानकों की अनदेखी की गई तो फिर स्थिति पहले की तरह भयानक हो सकती है, इसलिए प्रशासनिक अधिकारी और डॉक्टर बापूधाम के साथ ही सभी शहरवासियों से सोशल डिस्टेंसिंग के पालन की अपील कर रहे हैं।
24 अप्रैल को मिला था पहला मरीज
बापूधाम में बीते 24 अप्रैल को कोरोना का पहला मरीज सामने आया था। जीएमसीएच-32 में कार्यरत इस ओटी अटेंडेंट के संक्रमित होने के बाद उसके परिवार के 5 अन्य सदस्य संक्रमित हुए और उसके बाद ये क्रम तेजी से बढ़ा और देखते ही देखते अकेले बापूधाम में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 120 के पार पहुंच गई है।
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के काफी मशक्कत के बाद आखिरकार 14 मई कोरोना संक्रमण के चेन पर ब्रेक लगा और लगातार 4 दिनों तक बापूधाम समेत चंडीगढ़ से कोई भी नया मरीज सामने नहीं आया। 17 मई तक की शांति के बाद 18 मई को फिर बापूधाम से छह नए मरीज के सामने आने से परेशानी बढ़ गई है। बापूधाम के संक्रमित परिवार के संपर्क में आए अन्य सेक्टर के भी कई अन्य लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। सभी मरीजों का पीजीआई के कोरोना डेडिकेटेड हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।
पीजीआई के डॉक्टर की जांच अभी नहीं
पीजीआई में शनिवार को लुधियाना के कोरोना पॉजिटिव बच्चे की मौत के बाद उसके संपर्क में आए एक डॉक्टर को क्वारंटीन कर दिया गया था। पीजीआई प्रशासन के अनुसार, उस डॉक्टर को 5 दिन के लिए होम क्वारंटीन किया गया है। उसके बाद उसका नमूना लेकर टेस्ट कराया जाएगा। इसके अलावा पीजीआई में ही भर्ती कोरोना पॉजिटिव एक अन्य बच्चे के माता-पिता समेत अन्य छह लोगों को क्वारंटीन किया गया है।
पीजीआई में मौजूदा समय में कोरोना के 81 मरीज भर्ती हैं। वहीं, एक गंभीर मरीज को आईसीयू में रखा गया है। सोमवार तक शहर में कोरोना के 2892 संदिग्ध चिह्नित किए जा चुके हैं। इनमें से 2663 की रिपोर्ट निगेटिव आई है, जबकि 54 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं।
बापूधाम के तीन और मरीज पीजीआई से डिस्चार्ज
पीजीआई के कोरोना समर्पित हॉस्पिटल से सोमवार को तीन और मरीज कोरोना को मात देकर घर लौट आए। यह तीनों मरीज बापूधाम के हैं, जिन्हें अलग-अलग डेट पर कोरोना की चपेट में आने के बाद पीजीआई में भर्ती किया गया था। डिस्चार्ज होने वालों में 38 वर्षीय पुरुष, 19 वर्षीय युवती और 40 वर्षीय पुरुष शामिल हैं।
इन मरीजों को क्रमश: 27 अप्रैल, 30 अप्रैल और 2 मई को पीजीआई में भर्ती किया गया था। इन तीनों के डिस्चार्ज होने के बाद चंडीगढ़ में कोरोना को मात देने वाले मरीजों की संख्या 54 हो गई है जो प्रशासन के साथ स्वास्थ्य विभाग के लिए राहत भरी खबर है। इससे पहले 16 मई को भी पीजीआई से 12 मरीज डिस्चार्ज किए गए थे। इनमें 10 अकेले बापूधाम के थे।
अस्पताल से घर जाते समय मरीजों को पीजीआई डायरेक्टर प्रो. जगतराम और अन्य उच्च अधिकारियों ने गुलदस्ता और कोरोना के योद्धाओं पर आधारित पोस्टर उपहार स्वरूप देकर शुभकामनाएं दीं। प्रो. जगतराम का कहना है कि मरीजों की इच्छाशक्ति और पीजीआई के डॉक्टरों व पैरा मेडिकल स्टाफ की मेहनत का ही नतीजा है, जो मरीज तेजी से ठीक हो कर घर लौट रहे हैं।