हरियाणाः मंत्री के ट्वीट से अफसरशाही में हड़कंप
हरियाणा सरकार के सौ दिन पूरे होते ही स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के ट्वीट ने बवाल खड़ा कर दिया है। बेलगाम अफसरशाही से आहत विज ट्वीट कर लिखा है कि कुछ लोग उनके काम से संतुष्ट नहीं हैं लेकिन वे अपने तरीके से काम करते रहेंगे।
दिल्ली चुनाव प्रचार में व्यस्त विज पहले ही अफसरों की कार्यप्रणाली की शिकायत मुख्यमंत्री से कर चुके हैं। बिज की इस टिप्पणी से अफसरशाही में हड़कंप मच गया है।
प्रदेश में भाजपा सरकार के गठन के साथ ही मंत्री अनिल विज लगातार स्वास्थ्य विभाग की बदहाल हालात को बदलने में जुटे हैं। विज की छापामारी से जहां स्वास्थ्य विभाग की हालत में कुछ सुधार हुआ तो कई बार सरकार भी मुश्किलों में भी पड़ी है।
बीते दिनों अफसरों से हुई थी विज की तनातनी
बीते दिनों डाक्टरों और स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के तबादले पर विज और विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव के बीच तनातनी भी हुई थी।
इसके अलावा कुरुक्षेत्र सीएमओ और राज्यमंत्री बेदी के मामले में भी विज ने मुख्यमंत्री से सीएमओ के निलंबन की सिफारिश की थी। बताया जाता है कि इस विवाद की पूरी पटकथा सेहत विभाग के अधिकारी ने लिखी थी। सूत्रों के बाद इसके बाद से विज आहत नजर आ रहे थे।
विज का ट्वीट :
कुछ लोग मुझे मेरे काम करने के तरीके से रोकना चाहते हैं, परंतु वे कभी कामयाब नहीं होंगे। मैं अपने तरीके से ही काम करता रहूंगा।