सोशल साइट फेसबुक पर छिड़ी हरियाण्ावी चौधर की जंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा के रण में सभी दिग्गज एक-दूसरे को मात देने में जुटे हैं। चुनाव की आहट के साथ ही जुबानी जंग तेज होती जा रही है। सभी पार्टियां जीत के लिए हर हथियार आजमा रही हैं। इस बार युवा वोटर चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाएंगे। इसे देखते हुए महारथियों ने भी फेसबुक को चुनावी हथियार बनाया है।
युवा नेताओं केसाथ-साथ बुजुर्ग नेता भी फेसबुक पर काफी एक्टिव हैं। इस सोशल साइट पर रोजाना शह और मात का खेल चल रहा है। सत्ताधारी जहां फेसबुक के जरिये अपनी उपलब्धियों का बखान कर रहे हैं, वहीं विरोधी दल के नेता उनके दावों का खंडन कर रहे हैं।
दिलचस्प बात यह है कि एक ही पार्टी के नाराज नेता अपने गिले-शिकवे फेसबुक पर जाहिर कर रहे हैं। विरोधियों के साथ-साथ अपनों को भी निशाना बना रहे हैं।
जिस रंग की पगड़ी वही कलर थीम
दिलचस्प बात यह है कि जिस पार्टी की जैसी पगड़ी है, उसी कलर थीम में फेसबुक की कवर फोटो भी है। कांग्रेसियों ने जहां रैलियों की कवर फोटो लगाई है। तो भाजपाइयों की कवर फोटो में पीएम नरेंद्र मोदी और भाजपा प्रधान अमित शाह नजर आते हैं।
दिग्गज फेसबुक पर जंग लड़ रहे हैं तो समर्थक कैसे पीछे रह सकते हैं। वे भी बढ़-चढ़ कर अपने नेताओं के समर्थन में पोस्ट कर रहे हैं। अगर लोकप्रियता की बात करें तो बुजुर्ग नेता, नौजवानों से आगे निकल गए हैं।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और हजकां प्रधान कुलदीप बिश्नोई फेसबुक पर अपने-अपने बेटों से ज्यादा लोकप्रिय हैं। हरियाणा के चुनावी मैदान में डटी सभी प्रमुख पार्टियों के प्रमुख नेता फेसबुक पर एक्टिव हैं।
बस हरियाणा जन चेतना पार्टी के प्रधान विनोद शर्मा और हरियाणा लोकहित पार्टी केप्रधान गोपाल कांडा अभी तक इस हाईटेक जंग से दूर हैं।
लोकप्रियता में हुड्डा पिता-पुत्र अव्वल
सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा 567937 लाइक्स केसाथ फेसबुक पर हरियाणा के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। कवर फोटो पर गुलाबी पगड़ी में हुड्डा की रैली की फोटो और नारा, कांग्रेस सरकार तीसरी बार लिखा है।
पेज लगातार अपडेट हो रहा है। बुधवार रात इस पर साइना नेहवाल का मैसेज डाला गया। जिसमें कहा गया है कि हुड्डा सर से मुझे बहुत सपोर्ट मिला, दूसरे राज्य हरियाणा से सबक लें तो अगले ओलंपिक में 25-30 मेडल जीते जा सकते हैं।
सांसद दीपेंद्र हुड्डा 484986 लाइक्स के साथ लोकप्रियता के मामले में दूसरे स्थान पर हैं। उनकी कवर फोटो भी रैली की है। एक दिन पहले शारदा राठौर के साथ बल्लभगढ़ में समागम की फोटो पोस्ट की गई है।
रणदीप सुरजेवाला फैन क्लब: रणदीप सुरजेवाला फैन क्लब के फेसबुक पेज को 1349 लाइक्स मिले हैं। इस पर सुरजेवाला केपक्ष में समर्थकों ने पोस्ट किए हैं। हालांकि सुरजेवाला की अपनी वेबसाइट है, जिसके कवर पर लिखा है, मीनिंगफुल चेंज इज वे ऑफ लाइफ।
दिग्गज कांग्रेसी नेताओं के भी फेसबुक पेज
गीता भुक्कल: गीता भुक्कल भी फेसबुक पर एक्टिव हैं। उनके पेज को 1904 लोगों ने लाइक किया है। कवर पर रैली की फोटो और कांग्रेस का नारा है। आखिरी बार नौ सितंबर को महात्मा गांधी का संदेश पोस्ट किया गया है।
अशोक तंवर: प्रदेश कांग्रेस प्रधान अशोक तंवर के फेसबुक कवर पर रैली की फोटो है। पेज को 29614 लोगों ने लाइक किया है। एक दिन पहले राज्य में सड़कों के निर्माण से संबंधित पोस्ट किया गया है। एक समर्थक ने पोस्ट के जरिये बिना नाम लिए भाजपा पर व्यंग्य किया है। जिसमें कहा गया है कि सबसे बड़ी और सफल अफवाह अच्छे दिन थी।
कैप्टन अजय यादव: सिंचाई मंत्री कैप्टन अजय यादव का फेसबुक पेज देख कर लगता है कि अभी भी वह सीएम भूपेंद्र्र सिंह हुड्डा से नाराज हैं। जहां हुड्डा समेत सारे कांग्रेसियों ने तीसरी बार कांग्रेस सरकार का नारा लिखा है। पर कैप्टन ने अबकी बार सातवीं बार का नारा दिया है। उनके पेज को 1200 लाइक्स मिले हैं। एक दिन पहले एक खबर की फोटो पोस्ट की गई है। जिसकी हेडलाइन है, कैप्टन समान विकास से खुश, पर नौकरियों में भेदभाव से खफा।
भाजपा नेता भी किसी से पीछे नहीं
अनिल विज: भाजपा विधायक दल के नेता अनिल विज के फेसबुक कवर पर पीएम नरेंद्र मोदी और विनोद खन्ना केसाथ उनकी तसवीर है। पेज को अब तक 5318 लोगों ने लाइक किया है। छह सितंबर को आखिरी अपडेट में सरकार पर हमला बोलते हुए कहा गया है कि हुड्डा सरकार की घोषणाएं कभी पूरी नहीं हो सकती।
प्रो. रामबिलास शर्मा: प्रदेश भाजपा प्रधान प्रो. रामबिलास शर्मा के फेसबुक कवर पर उनके सम्मान की तसवीर लगी है। उनके पेज को 226 लोगों ने लाइक किया है। रामबिलास शर्मा नेक्स्ट सीएम हरियाणा-बीजेपी कम्यूनिटी का भी फेसबुक पेज है। जिसे 73 लोगों ने लाइक किया है।
कैप्टन अभिमन्यु: कैप्टन अभिमन्यु 115435 लाइक्स के साथ सबसे लोकप्रिय भाजपा नेता हैं। उनके फेसबुक कवर पर नरेंद्र मोदी व अमित शाह की फोटो के साथ जुड़ेंगे आप, बदलेगा हरियाणा का नारा और फोन नंबर दिया गया है। पेज लगातार अपडेट हो रहा है। आखिरी पोस्ट स्वामी विवेकानंद के शिकागो धर्म संसद के भाषण केसंबंध में है। एक फोटो पोस्ट की गई है, जिसमें कैप्टन चुनाव प्रचार शुरु करने से पहले मां का आशीर्वाद ले रहे हैं।
मनोहर लाल खट्टर: मनोहर लाल खट्टर के फेसबुक कवर पर भी मोदी छाए हैं। इसके साथ नारा है, भारत बदला, अब हरियाणा बदलेंगे। उनके पेज को अब तक 56644 लोगों ने लाइक किया है। एक पोस्ट के जरिये उन्होंने करनाल से टिकट के लिए पार्टी का धन्यवाद किया है।
इनेलो नेताओं का ये है हाल
ओमप्रकाश चौटालाः इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला के फेसबुक कवर पर हरी पगड़ी में उनकी रैली की फोटो है। उन्हें 22931 लाइक्स मिले हैं। एक दिन पहले आखिरी अपडेट में पोस्ट किया गया है, कांग्रेस का खात्मा तय। एक अन्य पोस्ट के जरिये गोपाल कांडा पर व्यंग्य किया गया है।
अभय चौटालाः ऐलनाबाद विधायक अभय चौटाला के फेसबुक कवर पर इनेलो का नारा मिशन-90 हरियाणा चस्पा है। पेज को 100679 लोगों ने लाइक किया है। उन्होंने अपने पिता का विडियो पोस्ट किया है, वो लूट रहे सपनों को, मैं चुप कैसे रहूं।
अजय चौटालाः अजय चौटाला 227163 लाइक्स केसाथ इनेलो के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। उनके फेसबुक कवर पर चौधरी देवीलाल की हरे थीम में फोटो है। साथ ही लिखा है, अब समय है बदलाव है। पेज लगातार अपडेट हो रहा है।
दिग्विजय चौटालाः दिग्विजय चौटाला के फेसबुक कवर पर ब्लैक एंड व्हाइट पेंटिंग के बीच देवीलाल की फोटो और टाइम टु ड्रीम का मैसेज लिखा है। पोज को 10340 लाइक्स मिले हैं। दिग्विजय ने भी ओमप्रकाश चौटाला का विडियो पोस्ट किया है।
दुष्यंत चौटालाः सांसद दुष्यंत चौटाला के फेसबुक कवर पर उनकी फोटो है, यह भी लगातार बदल रहा है। 113084 लाइक्स के साथ वह भी इनेलो के लोकप्रिय नेताओं में शुमार हैं। वीरवार को आखिरी अपडेट में देवी लाल की तसवीर के साथ एक मैसेज, आओ हरियाणा को जगाएं, पोस्ट किया गया है। दुष्यंत फेसबुक पर काफी एक्टिव हैं।
अशोक अरोड़ा और हजकां भी किसी से पीछे नहीं
अशोक अरोड़ाः इनेलो प्रदेश प्रधान अशोक अरोड़ा के फेसबुक कवर पर देवीलाल, ओपी चौटाला और उनकी तसवीर है। उन्हें 15879 लाइक्स मिले हैं। अरोड़ा ने भी ओपी चौटाला का विडियो पोस्ट किया है। एक अन्य पोस्ट, सीएम का अहम, भाजपा का निकलेगा वहम, के जरिये विरोधियों पर हमला बोला है।
कुलदीप बिश्नोईः हजकां प्रमुख कुलदीप बिश्नोई 450632 लाइक्स केसाथ हरियाणा के सबसे लोकप्रिय नेताओं में हैं। उनके फेसबुक पेज पर पीली पगड़ी में बिश्नोई की फोटो और बिल्डिंग हरियाणा टुगेदर लिखा है। साढ़े चार लाख लाइक्स हासिल करने के बाद उन्होंने समर्थकों का आभार जताया है। दिलचस्प बात यह है कि गठबंधन टूटने के बाद भी पेज पर पीएम नरेंद्र मोदी का पुराना विडियो पड़ा है।
भव्य बिश्नोईः भव्य बिश्नोई के फेसबुक कवर पर लगी तसवीर में उनके दादा भजन लाल, उनके पिता कुलदीप बिश्नोई को आशीर्वाद दे रहे हैं। पेज को 3560 लोगों ने लाइक किया है। 29 अगस्त को आखिरी अपडेट में उन्होंने गणेश चतुर्थी की बधाई दी है।
डॉ. अरविंद शर्मा(बसपा) बसपा प्रदेश प्रधान अरविंद शर्मा के फेसबुक कवर, पार्टी के नीले रंग की थीम में है। यहां उनकी रैली की तसवीर लगी है। पेज को 10786 लोगों ने लाइक किया है। वीरवार को कार्यकर्ता सम्मेलन की तसवीर पोस्ट की गई है।