अब सेहत व्यवस्था पर रार: दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पहुंचे सीएम चन्नी के विधानसभा क्षेत्र, लिया स्वास्थ्य केंद्रों का जायजा
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री ने आरोप लगाया कि जब मुख्यमंत्री चन्नी अपने खुद के हलके के स्वास्थ्य केंद्रों की हालत नहीं सुधार सकें तो वे पूरे पंजाब की स्वास्थ्य व्यवस्था की हालत क्या सुधारेंगे।
विस्तार
शिक्षा के बाद अब आम आदमी पार्टी स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कांग्रेस को घेरने में जुट गई है। आप के वरिष्ठ नेता और दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने स्वास्थ्य सेवाओं का हाल जानने के लिए पंजाब के स्वास्थ्य केंद्रों का दौरा शुरू कर दिया है। पहले चरण में वे पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के विधानसभा क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्रों की हालत देखने चमकौर साहिब पहुंचे।
जैन ने मुख्यमंत्री चन्नी पर आरोप लगाया कि जैसे ही मुख्यमंत्री को मेरे आने की खबर मिली उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र को बंद करा दिया। डिस्पेंसरी के गेट पर ताला लगा दिया गया ताकि हमें सच्चाई का पता न चल सके। डिस्पेंसरी का टॉयलेट खुला हुआ था जो बहुत गंदे थे और उससे दुर्गंध आ रही थी। टॉयलेट को दिखाते हुए जैन ने कहा कि मुख्यमंत्री चन्नी के लोग दुर्भाग्य से टॉयलेट में ताला लगाना भूल गए।
झूठे वादे कर रहे सीएम चन्नी
जैन ने कहा कि जब मुख्यमंत्री चन्नी अपने खुद के हलके के स्वास्थ्य केंद्रों की हालत नहीं सुधार सकें तो वे पूरे पंजाब की स्वास्थ्य व्यवस्था की हालत क्या सुधारेंगे। पंजाब में डिस्पेंसरी और हॉस्पिटल के नाम पर सिर्फ बिल्डिंग हैं। स्वास्थ्य केंद्रों में न डॉक्टर है, न मेडिकल स्टाफ, न दवाइयां और न ही कोई जांच की सुविधा। मुख्यमंत्री चन्नी स्वास्थ्य सेवा दुरुस्त करने की जगह झूठे वादे और एलान कर पंजाब के लोगों को गुमराह कर रहे हैं।
दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जिक्र करते हुए जैन ने कहा कि यहां से दिल्ली बॉर्डर ज्यादा दूर नहीं है। आप वहां खड़े हो जाएं और गिनती कर ले कि पंजाब से दिल्ली की तरफ कितने एंबुलेंस जा रहे है और दिल्ली से पंजाब की तरफ कितने एंबुलेंस आ रहे हैं। आपको दिल्ली और पंजाब की स्वास्थ्य व्यवस्था में फर्क पता चल जाएगा।