पुलिस ने साढे़ 3 घंटे खंगाला राम रहीम का डेरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेशानुसार एक बार फिर जिला पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों की टीम डेरा सच्चा सौदा की जांच करने पहुंची। जांच टीम को डेरा में प्रवेश करते समय विरोध का सामना करना पड़ा।
डेरा प्रबंधन ने जांच अधिकारियों के गनमैनों को अंदर जाने से रोका। बाद में गनमैनों के हथियार बाहर रखवाकर उन्हें अंदर जाने दिया गया। करीब साढे़ तीन घंटे डेरा सच्चा सौदा में बिताकर उपमंडलाधीश परमजीत चहल, नगराधीश पंकज सेतिया व उप पुलिस अधीक्षक जगदीश काजला बाहर आ गए।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब डेढ़ बजे जांच टीम डेरा सच्चा सौदा पहुंची। उपमंडलाधीश परमजीत चहल, नगराधीश पंकज सेतिया व उप पुलिस अधीक्षक जगदीश काजला डेरा सच्चा सौदा के अंदर जाने लगे तो डेरा प्रबंधन कमेटी के पदाधिकारियों ने गनमैनों को अंदर जाने से रोक दिया। कुछ विरोध के बाद गनमैनों के हथियार डेरा समक्ष ढाणी में रखवा लिए गए। इसके बाद डेरा प्रबंधन कमेटी के पदाधिकारी जांच अधिकारियों को डेरा के अंदर ले गए।
पदाधिकारी अधिकारियों को डेरा में लगे शेड, सत्संग हॉल व खेल मैदान दिखाने लगे तो अधिकारियों ने पदाधिकारियों से स्वयं के मुताबिक जांच करने की बात कही। इस मांग पर डेरा प्रबंधन ने असहमति जताई तो एक बार जांच टीम डेरा से बाहर आ गई।
जांच टीम को हाईकोर्ट के दिशा निर्देशानुसार डेरा की जांच करनी थी पर ऐसा न होता देख जांच अधिकारियों को बाहर आना पड़ा। कुछ देर बाद डेरा प्रबंधन ने अधिकारियों को अपने मुताबिक जांच करने के लिए कहा। इसके बाद जांच टीम काफी बडे़ क्षेत्रफल में फैले डेरा सच्चा सौदा की जांच में जुट गई।
हाईकोर्ट ने डेरों की जांच का आदेश दिया
डेरा का काफी बड़ा हिस्सा अंडर ग्राउंड है और वहां काफी हॉल भी हैं। अधिकारियों ने डेरा प्रबंधन से इन्हें किस रूप में इस्तेमाल किया जाता है के बारे में जानकारी जुटाई।
डेरा की सुरक्षा में लगे लोगों व उनके पास लाइसेंसशुदा हथियारों की संख्या का पता लगाया। डेरा में स्थाई रूप से रहने वाले लोगों की तदाद व उनकी पृष्ठ भमि की जानकारी जुटाई गई। गौरतलब है कि रामपाल मामले के बाद पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने सरकार को डेरों की जांच करने का आदेश दिया और रिपोर्ट मांगी है।
डेरा की करवाई वीडियोग्राफी
हाईकोर्ट के दिशा निर्देशानुसार जांच टीम ने डेरा सच्चा सौदा की वीडियोग्राफी करवाई। जांच पूरी होने तक इसकी जो प्रक्रिया रही यह सब हाईकोर्ट को सौंपी जानी है। डेरा में मौजूद लोगों से टीम ने बातचीत की और वहां की गतिविधियों के बारे में सवाल किए।
डेरा की तरफ से भी प्रबंधन कमेटी का एक सदस्य जांच अधिकारियों की वीडियो बनाता रहा। साढे़ तीन घंटों की जांच के बाद टीम जब बाहर लौटी और काफिले में सवार होकर डेरा से शहर की तरफ रवानगी तक की वीडियोग्राफी हुई। जांच अधिकारी चार बजकर 55 मिनट पर डेरा से शहर की ओर रवाना हो गए।
परमजीत चहल, उपमंडलाधीश, सिरसा ने बताया कि जांच अभी पूरी नहीं हो सकी है। काफी अहम जानकारियों डेरा सच्चा सौदा के संबंध में जुटानी है। डेरा सच्चा सौदा काफी क्षेत्रफल में फैला है और जांच टीम हाईकोर्ट के जो दिशा निर्देश हैं उनके मुताबिक पुख्ता जानकारी जुटा रही है। जांच पूरी होने में अभी समय लगेगा और 29 दिसंबर को एक बार फिर जांच टीम डेरा सच्चा सौदा में जाकर जांच करेगी।