रोहतक: श्रमिक ने राजमिस्त्री का कुल्हाड़ी से सिर फाड़ा, दर्दनाक मौत, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात
वारदात को अंजाम देकर श्रमिक फरार हो गया। आरोपी कई साल से साथ काम करता था। मृतक 60 वर्षीय कृष्ण कुमार कबीर कालोनी का रहने वाला है। आरोपी प्रवासी श्रमिक बताया जा रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के रोहतक में शहर की नेहरू कॉलोनी में एक श्रमिक ने सामने बैठे राजमिस्त्री का कुल्हाड़ी से सिर फाड़ कर हत्या कर दी। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वारदात के बाद श्रमिक अपना खाने का टिफिन उठाकर फरार हो गया। शहर थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। परिजनों का कहना है कि श्रमिक लंबे समय से राजमिस्त्री के साथ काम करता था। आशंका जताई जा रही है कि दिहाड़ी को लेकर श्रमिक ने वारदात को अंजाम दिया है।
पुलिस के मुताबिक जींद रोड स्थित कबीर कॉलोनी निवासी राकेश ने दी शिकायत में बताया कि वे तीन भाई व दो बहनें हैं। उसका पिता 60 वर्षीय कृष्ण राजमिस्त्री के तौर पर काम करता था। उसने दो दिन पहले ही डेयरी मोहल्ला निवासी नरेश के नेहरू कॉलोनी स्थित प्लॉट में मकान बनाने का ठेका लिया था। बुधवार की शाम उसका पिता प्लॉट पर गया, जहां पहले से एक श्रमिक काम कर रहा था।
श्रमिक लंबे समय से उसके पिता के साथ काम करता था, लेकिन परिवार के दूसरे सदस्य उसके बारे में ज्यादा नहीं जानते हैं। शाम करीब छह बजे युवक मनोज का फोन आया। बताया कि उसके पिता के सिर में श्रमिक ने कुल्हाड़ी मार दी है।
राकेश अपनी मां व परिवार के दूसरे सदस्यों के साथ मौके पर पहुंचा और लहूलुहान हालत में उसने अपने पिता कृष्ण को पीजीआई में दाखिल कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को सूचना मिली कि पीजीआई में दाखिल कबीर कॉलोनी निवासी कृष्ण की मौत हो गई है, जिसके सिर में चोट लगी थी। सिटी थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया। इसके बाद मृतक के बेटे के बयान पर आरोपी श्रमिक के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया।
नहीं था हत्या का अंदेशा, अचानक कुल्हाड़ी उठाई और कर दिया वार
पुलिस ने घटनास्थल से बरामद सीसीटीवी फुटेज की गहराई से जांच की। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी श्रमिक पहले से प्लॉट में काम कर रहा था। जब राजमिस्त्री कृष्ण वहां पहुंचा तो दोनों के बीच बातचीत हुई। आशंका है कि दिहाड़ी को लेकर दोनों में बात हो रही थी। राजमिस्त्री जमीन पर बैठा हुआ था। अचानक बात करते समय श्रमिक पलटा और नजदीक पड़ी कुल्हाड़ी उठाई और राजमिस्त्री के सिर में वार कर दिया। इसके बाद वहां से अपना खाने का टिफिन उठाकर फरार हो गया। कैमरे के अंदर श्रमिक के काम पर आने, वारदात अंजाम देने से लेकर भागने तक का दृश्य कैद हो गया।
महिला सहित दो साथी श्रमिकों से पूछताछ
पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी श्रमिक तक पहुंचने के लिए जांच तेज कर दी। साथ में काम करने वाली एक महिला व अन्य श्रमिक से पूछताछ की गई, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आ सका।
जल्द पकड़े आरोपी को पुलिस, जोहड़ पर पुलिस तैनात
मृतक राजमिस्त्री के बेटे राकेश ने बताया कि उसका पिता मेहनत करके पूरे परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। अचानक ही श्रमिक ने उसके पिता की हत्या कर दी। इससे परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। पुलिस प्रशासन से मांग है कि जल्द आरोपी को पकड़ा जाए, कहीं वह शहर से बाहर न भाग जाए।
हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। दो-तीन जगह दबिश दी गई, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आया। उम्मीद है जल्द कामयाबी मिलेगी। - एसआई पवनवीर, चौकी प्रभारी गौकर्ण