चंडीगढ़। दो दिन पहले गैस सिलिंडर डिलीवरी बाॅय से हुई लूट की वारदात को जिला क्राइम सेल ने सुलझा लिया है। मामले में दोनों लोगों की गिरफ्तारी हुई है, जिनकी पहचान शिव कुमार निवासी गली नंबर-11, जुझार नगर, मोहाली और अखिल उर्फ चंदू निवासी मकान नंबर-2018/सी स्मॉल फ्लैट्स धनास के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन का रिमांड हासिल किया है। डिलिवरी बाॅय से हुई लूट मामले में शिकायतकर्ता सुरेंद्र सिंह निवासी डड्डूमाजरा ने बताया कि वह परम गैस एजेंसी में गैस सिलिंडर डिलिवरी का काम करते हैं। बीते रविवार को वह सेक्टर-38ए में सिलिडरों से भरी गाड़ी लेकर गए थे। उनके साथ हेल्पर संजय भी मौजूद थे। उनकी गाड़ी के अचानक से एक बाइक रुकी, जिस पर दो युवक सवार थे। दोनों उतरकर उनके पास आए। इन युवक ने सुरेंद्र से पूछा कि क्या उसे एक भरा हुआ सिलिंडर मिल सकता है तो उन्होंने हां कर दी। इसी बीच एक युवक ने उनकी गर्दन पर चाकू रख दिया और बाहर निकलने को कहा। जब वह गाड़ी से बाहर आए तो दूसरे युवक ने उनकी कमीज की जेब से 15 हजार रुपये निकाल लिए। साथ ही पर्स भी ले लिया, जिसमें जरूरी दस्तावेज थे। इसके बाद दोनों भाग निकले। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जिला क्राइम सेल ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो दोनों युवकों की पहचान की गई और उनकी बाइक का नंबर भी पता चल गया, जिसके आधार पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और साढ़े 12 हजार रुपये व चाकू बरामद कर लिया। जांच में पता चला कि दोनों आदतन अपराधी हैं और उन पर पहले से कई मामले दर्ज हैं। आरोपी शिव कुमार पर सेक्टर-11, मलोया, सारंगपुर थाने में लूटपाट, मारपीट व नाबालिग को भगाने का मामला दर्ज है। अखिल उर्फ चंदू पर हत्या, मारपीट, आर्म्स एक्ट सहित अन्य कई गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज हैं। हत्या का मामला मोहाली के बलाैंगी थाने में दर्ज है।