Independence Day: चंडीगढ़ में खास होगी स्वतंत्रता दिवस की परेड, आसमान से तीन रंगों के फूल बरसाएगी वायुसेना
आजादी के अमृत महोत्सव और हर घर तिरंगा अभियान के तहत वायुसेना ने इस बार के स्वतंत्रता दिवस समारोह को खास बनाने का फैसला लिया है। यूटी प्रशासन ने भी परेड ग्राउंड में कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंडीगढ़ में 75वें स्वतंत्रता दिवस को खास अंदाज में मनाया जाएगा। सेक्टर-17 स्थित परेड ग्राउंड में होने वाले मुख्य कार्यक्रम में इस बार वायु सेना भी हिस्सा लेगी और कार्यक्रम में मौजूद लोगों पर आसमान से फूल बरसाएगी। इसके लिए तैयारियां चल रही हैं। कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित पहुंचेंगे और राष्ट्र ध्वज फहराएंगे।
आजादी के अमृत महोत्सव और हर घर तिरंगा अभियान के तहत वायुसेना ने इस बार के स्वतंत्रता दिवस समारोह को खास बनाने का फैसला लिया है। यूटी प्रशासन ने भी परेड ग्राउंड में कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी हैं। ग्रुप कैप्टन पीएस लांबा ने बताया कि चंडीगढ़ में 15 अगस्त के दिन वायु सेना भी भागीदारी निभाएगी। पहली बार वायुसेना का हेलिकॉप्टर से तीन रंगों में फूलों की पंखुड़ियों को बरसाया जाएगा। प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित जैसे ही 15 अगस्त के दिन सुबह तिरंगा फहराएंगे, हेलिकॉप्टर ऊपर से गुजरेंगे और केसरी, सफेद व हरे रंग के फूलों के पंखुड़ियों की बरसात करेंगे। ये दृश्य लोगों को देशभक्ति का अहसास कराएगा। पीएस लांबा ने बताया कि चंडीगढ़ में ऐसा पहली बार होने जा रहा है। इसको लेकर प्रशासन के अधिकारियों से चर्चा हो चुकी है और वायु सेना की तरफ से तैयारियां की जा रही हैं।
13 अगस्त को 7500 छात्र बनाएंगे ह्यूमन चेन
आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के लिए प्रशासन की तरफ से बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इसके तहत होने वाले कार्यक्रमों की शुरुआत शहर में 12 अगस्त को ही हो जाएगी। 13 अगस्त को एक रिकॉर्ड बनाने के लिए सेक्टर-16 के क्रिकेट स्टेडियम में 7500 छात्र एकत्रित होंगे और आजादी की 75वीं वर्षगांठ को दर्शाती हुई एक ह्यूमन चेन बनाई जाएगी। इसके लिए प्रशासन की तरफ से शिक्षा विभाग को जानकारी भेज दी गई है। इस कार्यक्रम में भी प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित मुख्यातिथि होंगे। वायु सेना भी इस कार्यक्रम का हिस्सा होगी और राष्ट्रीय ध्वज के तीनों रंगों को प्रदर्शित करते हुए पैरा ड्रॉपिंग का प्रदर्शन किया जाएगा।
8 अक्तूबर को 100 के करीब विमान दिखाएंगे करतब
हर वर्ष 8 अक्तूबर को गाजियाबाद में हिंडन एयर बेस पर वायु सेना दिवस मनाया जाता है। पहली बार वायु सेना दिल्ली के बाहर ये दिवस मनाएगी। इसके लिए चंडीगढ़ का चयन किया गया है। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, तीनों सेनाओं के प्रमुख समेत हजारों लोग होंगे। सेना की तरफ से तैयारियां चल रही हैं। इसमें 100 के करीब विमान करतब दिखाएंगे। वायु सेना की तरफ से परेड भी होगी और सभी मशहूर शो होंगे। एयरफोर्स में जिन्हें भी राष्ट्रपति की तरफ से अवार्ड मिला है उन्हें चीफ एयर मार्शल की तरफ से वो अवार्ड कार्यक्रम के दौरान सौंपा जाएगा। करीब एक घंटे का फ्लाइंग पास्ट होगा। इसमें फाइटर, हेलिकॉप्टर, चिनूक सभी तरह के एयरक्राफ्ट होंगे। वायु सेना की तरफ से जिन्हें भी ऑनरेरी रैंक दिया गया है, उन सभी को आमंत्रित किया जाएगा।