सीतापुर में शनिवार से मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत दो दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन शुरू हो गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर मतदाता सूची में अपना और अपने परिजनों का नाम तलाशते नजर आए। शहर के विभिन्न बूथों पर बीएलओ की तैनाती की गई है, जो मतदाताओं को जागरूक करने के साथ ही मतदाता सूची में नाम की जांच करने में सहयोग कर रहे हैं। शिविर के माध्यम से लोगों को मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित करने और आवश्यकतानुसार संशोधन कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है। बीएलओ ने लोगों से अपील की कि वे शिविर में पहुंचकर मतदाता सूची में अपना और परिवार के सदस्यों का नाम जरूर जांच लें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदान के अधिकार से वंचित न रह जाए।