मथुरा। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने शुक्रवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में विशेष मतदाता जागरूकता अभियान चलाया। उन्होंने एक व्यक्ति तीन की अनूठी शृंखला से नए वोट बनवाने का मंत्र दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि एक व्यक्ति तीन और वे आगे नौ लोगों के वोट बनवाएं, जिससे अधिक पात्र मतदाता जुड़ें। उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं से फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 का उपयोग करने की अपील की। डीएलएड प्रशिक्षुओं ने रंगोली, नुक्कड़ नाटक और प्रश्नोत्तरी के जरिये शत-प्रतिशत मतदान का संदेश दिया। प्रशिक्षुओं रजनी, प्रिया, स्नेहा चौहान और कामिनी ने आकर्षक रंगोली व नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए। मतदाता प्रश्नोत्तरी में प्रांजल शेखावत प्रथम, सचिन कुमार निमेष द्वितीय और रश्मि सारस्वत तृतीय स्थान पर रहीं। संयुक्त मजिस्ट्रेट सलोनी गौतम सहित कई अधिकारी व प्रवक्ता कार्यक्रम में मौजूद रहे।