लखीमपुर खीरी में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर बाजारों में खरीदारी शुरू हो गई है। शुक्रवार से शुरू होकर सोमवार तक चलने वाले चार दिवसीय पर्व की तैयारियों में महिलाएं जुट गई हैं। फल मंडी समेत शहर के अन्य बाजारों में पूजन सामग्री और फल खरीदने के लिए महिलाएं पहुंच रही हैं। छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की दुकानों पर भी चहल-पहल बढ़ने लगी है। पर्व को लेकर दुकानदारों में उत्साह है। उन्हें उम्मीद है कि अगले दो दिनों में खरीदारी और तेज होगी और अच्छा कारोबार होगा। छठ पूजा में भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा के लिए विभिन्न प्रकार के फल और पूजन सामग्री का इस्तेमाल किया जाता है। इसमें बांस का सूप, दउरा, डलिया, नारियल, गन्ना, केला, सेब, संतरा, अमरूद, अनार, मौसमी, सिंघाड़ा, शकरकंद, मूली, अदरक, हल्दी और नींबू आदि की खरीदारी की जाती है। इसके अलावा ठेकुआ बनाने के लिए गेहूं का आटा, गुड़ और घी सहित अन्य खाद्य सामग्री भी खरीदी जाती है। व्रती महिलाएं इन्हीं सामग्रियों को सूप और दउरे में सजाकर घाट पर ले जाती हैं और डूबते तथा उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करती हैं। फल और पूजन सामग्री के कारोबार से जुड़े दुकानदारों ने भी पर्व को देखते हुए पर्याप्त सामान मंगाना शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि शुक्रवार और शनिवार को बाजार में खरीदारों की भीड़ बढ़ेगी।