लखीमपुर खीरी में गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर शहर के गुरुद्वारा हाथीपुर, पंजाबी कॉलोनी और सेठ घाट स्थित गुरुद्वारा निर्मल आश्रम में श्रद्धा और उत्साह के साथ धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर गुरुद्वारों में दीवान सजाए गए। संगत ने गुरुवाणी का श्रवण कर गुरु नानक देव जी के बताए सत्य, सेवा और समानता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान गुरु ग्रंथ साहिब का पाठ, शबद-कीर्तन और अरदास हुई। रागी जत्थों ने गुरुवाणी के माध्यम से संगत को निहाल किया। हाथीपुर गुरुद्वारा कमेटी के सचिव गुरजीत सिंह और प्रधान कुलवंत सिंह ने बताया कि गुरु नानक देव जी ने समाज को आपसी भाईचारे, प्रेम, सद्भाव और मानव सेवा का संदेश दिया था। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में एकता और समानता स्थापित की जा सकती है। वहीं गुरुद्वारा निर्मल आश्रम में महंत लक्ष्मण सिंह शास्त्री ने अरदास कराई। उन्होंने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए लोगों से सेवा, परोपकार और आपसी प्रेम की भावना अपनाने की अपील की।