घाटमपुर कस्बे में शराब कैंटीन में काम कर रहे युवक की बृहस्पतिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कैंटीन संचालक हालत बिगड़ने पर उसे सीएचसी लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पहुंचे युवक के भाई ने संचालक पर पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। भाई अजीत ने बताया कि बेहुटा गांव निवासी सुनील चौधरी (30) ने अपनी साढ़े तीन बीघे जमीन गांव निवासी कुलदीप सचान को एक साल पहले बेची थी। तब से वह कस्बे में शराब की दुकान में सेल्समैन होने के साथ कैंटीन का संचालन कर रहे कुलदीप के साथ रहता था और शराब कैंटीन का काम देखता था। दोपहर में कुलदीप उसे सीएचसी लेकर पहुंचा। वहां डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी होने पर सीएचसी पहुंचे मृतक के भाई अजीत सिंह ने मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। बताया कि सुनील की शादी नहीं हुई थी। थाना प्रभारी मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि सूचना मिली थी, युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।