लखनऊ में बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत दिव्यांग श्रेणी के शिक्षकों के अंतर्जनपदीय स्थानांतरण की मांग को लेकर सोमवार को दिव्यांग महागठबंधन, उत्तर प्रदेश के सदस्यों ने इको गार्डन में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन भी प्रेषित किया गया। महागठबंधन के महासचिव वीरेंद्र कुमार की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि शासनादेश 04 जून 2026, दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 और दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के पत्र के अनुपालन में बेसिक शिक्षा विभाग के दिव्यांग शिक्षकों के अंतर्जनपदीय स्थानांतरण की व्यवस्था की गई है। इसके तहत दिव्यांग शिक्षकों और उनके अभिभावकों ने स्थानांतरण के लिए आवेदन भी कर रखे हैं। महागठबंधन का आरोप है कि आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद शासन स्तर से अभी तक दिव्यांग शिक्षकों की स्थानांतरण सूची जारी नहीं की गई है। संगठन ने नियमों का पालन करते हुए स्थानांतरण सूची तत्काल जारी करने की मांग की है।