फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंडी में 15 नवंबर से मनेगा जनजातीय गौरव दिवस सप्ताह, बिरसा मुंडा के संघर्ष और योगदान को किया जाएगा याद

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर मंडी जिले में 15 नवंबर से जनजातीय गौरव दिवस सप्ताह मनाया जाएगा। इसके तहत जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर जनजातीय समाज के अधिकारों, स्वाभिमान और उत्थान के लिए भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष एवं योगदान को याद किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर गुरुवार को भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिला मंडी की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में मोर्चा के जिला प्रभारी एवं प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक पप्पू कुमार ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष सुनील नेगी के निर्देशानुसार हिमाचल प्रदेश के सभी 14 संगठनात्मक जिलों में जनजातीय गौरव दिवस सप्ताह के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मंडी जिले में भी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और विचारों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। पप्पू कुमार ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज के अधिकारों और स्वाभिमान की रक्षा के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया था। उनके योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया था। उन्होंने कहा कि यह दिवस जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति, परंपराओं और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान को याद करने का अवसर है। प्रेस वार्ता में पप्पू कुमार ने केंद्र सरकार की ओर से जनजातीय समाज के कल्याण और विकास के लिए चलाई जा रही योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 से पहले जनजातीय विकास के लिए बजट 4,497 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 14,900 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। उन्होंने विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के विकास के लिए वर्ष 2023 में शुरू की गई प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) योजना का जिक्र किया। उनके अनुसार, इस योजना के लिए 24,104 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा वर्ष 2024 में शुरू किए गए धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत 63 हजार से अधिक गांवों में रहने वाले करीब पांच करोड़ लोगों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 79,156 करोड़ रुपये का प्रावधान बताया गया। पप्पू कुमार ने कहा कि जनजातीय विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए देशभर में 728 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। इसके अलावा विद्यार्थियों के लिए विभिन्न छात्रवृत्ति और फैलोशिप योजनाएं भी चलाई जा रही हैं, ताकि जनजातीय समाज के युवाओं को शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। उन्होंने बताया कि वर्ष 1999 में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन किया था। उन्होंने देश को पहली जनजातीय महिला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मिलने को भी जनजातीय समाज के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। इस अवसर पर जिला अनुसूचित जनजाति मोर्चा के अध्यक्ष बलवंत यादव, महामंत्री पवन कुमार, मंडल अध्यक्ष योगेश, उपाध्यक्ष नरेंद्र पाल और आईटी प्रभारी दीपक मौजूद रहे। जनजातीय गौरव दिवस सप्ताह के आयोजन के माध्यम से मंडी जिले में भगवान बिरसा मुंडा के ऐतिहासिक योगदान, जनजातीय संस्कृति और समाज के अधिकारों से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें