फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कांगड़ा: जयसिंहपुर जोन की अंडर-19 खेल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लंबागांव में जयसिंहपुर जोन की तीन दिवसीय जोनल स्तरीय अंडर-19 छात्र वर्ग खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में जयसिंहपुर जोन के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे करीब 320 युवा खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। मैदान में खिलाड़ियों का जोश और उत्साह देखते ही बन रहा है। प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेलों के मुकाबले करवाए जा रहे हैं। खिलाड़ी जीत हासिल करने के लिए पूरे दमखम के साथ मैदान में उतर रहे हैं। मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिल रहा है। वहीं, खेल भावना के साथ एक-दूसरे को चुनौती देते हुए खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा ने किया था। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा था कि प्रदेश सरकार खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्राथमिकता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा था कि खेलों से युवाओं में अनुशासन की भावना विकसित होती है। इसके साथ ही खेल उनके मानसिक और शारीरिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मेजबान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लंबागांव की ओर से प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य विपिन कुमार सहित स्कूल स्टाफ प्रतियोगिता के आयोजन में सहयोग कर रहा है। खिलाड़ियों और टीमों के लिए मैदान, ठहरने तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का ध्यान रखा जा रहा है। सोमवार को प्रतियोगिता का समापन होगा। समापन अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जसवंत डढवाल मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस दौरान विभिन्न खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों और टीमों को सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग ले रहे खिलाड़ियों में समापन को लेकर भी खासा उत्साह है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें