रोहतक। हड़ताल पर चल रहे सफाई कर्मचारियों ने सरकार को 2 सितंबर तक बातचीत के लिए अल्टीमेटम दिया है। हरियाणा नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष नरेश कुमार शास्त्री ने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर सफाई कर्मचारियों की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने और न्याय करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि यदि 2 सितंबर तक मांगें पूरी नहीं हुईं तो 5 और 6 सितंबर को प्रदेश के सभी मंत्रियों के आवासों पर प्रदर्शन कर उनसे जवाब तलब किया जाएगा। इसके अलावा 10, 11 और 12 सितंबर को न्याय पंचायतें भी की जाएंगी। नरेश शास्त्री रविवार को रोहतक के सुखपुरा चौक स्थित कर्मचारी भवन में सफाई कर्मचारी और दमकल कर्मियों की प्रदेश स्तरीय बैठक के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे। बता दें कि सफाई कर्मचारियों की 6 अगस्त से शुरू हुई हड़ताल आज 24वें दिन भी जारी रही, जिससे शहरों में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। कर्मचारियों ने कहा कि सरकार उनकी मांगों को लगातार अनदेखा कर रही है, अब आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। ----