भिवानी। सशस्त्र सीमा बल की 43वीं बटालियन में कार्यरत भिवानी जिले के गांव नांगल निवासी जवान सोनू कुमार का ड्यूटी के दौरान दिल का दौरा पड़ने से असामयिक निधन हो गया। रविवार को जब जवान की पार्थिव देह उनके पैतृक गांव पहुंची, तो पूरा माहौल गमगीन हो गया। सैकड़ों ग्रामीणों, प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में सैनिक सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। एसएसबी के सब-इंस्पेक्टर हमीर सिंह ने बताया कि कांस्टेबल सोनू कुमार बेहद निष्ठा और लगन से अपनी सेवाएं दे रहे थे। ड्यूटी के दौरान अचानक दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। उन्होंने कहा कि एसएसबी परिवार इस दुख की घड़ी में परिजनों के साथ है और नियमानुसार मिलने वाली पेंशन व अन्य सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराई जाएंगी। सोनू के मामा प्रीतम सिंह ने भावुक होते हुए बताया कि सोनू 2012 में एसएसबी में भर्ती हुए थे और पिछले 14 वर्षों से देश सेवा में समर्पित थे। वह परिवार में अकेले कमाने वाले सदस्य थे। उनके पीछे बुजुर्ग माता-पिता, तीन भाई और एक 5 साल का मासूम बेटा है। परिजनों ने सरकार से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है। तहसीलदार जयवीर सिंह ने प्रशासन की ओर से जवान को गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम विदाई दी गई। राज्य सरकार के नियमानुसार सहायता राशि और सुविधाएं जल्द पूरी की जाएंगी। अमन सर्राफ विधायक पुत्र ने परिवार से संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि वह स्वयं मुख्यमंत्री से मिलकर परिवार को नियमानुसार आर्थिक मदद व हर संभव सरकारी सहायता दिलवाने का प्रयास करेंगे। जवान की अंतिम यात्रा में आसपास के गांवों से पहुंचे भारी जनसैलाब ने नम आंखों से अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दी। संवाद