हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी की ओर से राष्ट्रीय साधन सह योग्यता छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएसएस) परीक्षा का आयोजन 29 नवंबर को कराया जाएगा। परीक्षा का आयोजन सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक पांच परीक्षा केंद्रों पर कराया जाएगा। इसके तहत जिला शिक्षा अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षा अधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिले में पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें एनआईटी-2 स्थित राजकीय विद्यालय, एनआईटी-5 के राजकीय कन्या विद्यालय दो सरकारी स्कूल शामिल हैं। इसके अलावा अग्रवाल मॉडर्न स्कूल में ही बी-1 और बी-2 नाम से दो केंद्र बनाए गए हैं। वहीं पर्वतीय कॉलोनी स्थित कर्मभूमि स्कूल में एक परीक्षा केंद्र बनाया गया है। केंद्रवार परीक्षार्थियों की संख्या - राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय,एनआईटी-5 : 312 - राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय,एनआईटी-2ः 312 - अग्रवाल मॉडर्न स्कूल बी-1 : 308 - अग्रवाल मॉडर्न स्कूल बी-2 : 174 - कर्मभूमि पब्लिक स्कूलः 149 जिला गणित विशेषज्ञ धर्मेंद्र ने बताया कि परीक्षा के सुचारू संचालन और नकल रोकने के लिए उड़नदस्तों का भी गठन किया जा रहा है। परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्र अधीक्षक ओएमआर शीट के सीलबंद पैकेट, हस्ताक्षर चार्ट और अन्य दस्तावेज जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा करवाएंगे। बोर्ड के उड़नदस्ते उसी दिन इन्हें बोर्ड मुख्यालय, भिवानी में जमा करवाएंगे। राष्ट्रीय साधन सह योग्यता छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएसएस) केंद्र सरकार की योजना है। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना और आठवीं के बाद स्कूल छोड़ने की दर कम करना है। इस परीक्षा के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को कक्षा नौवीं से 12वीं तक छात्रवृत्ति दी जाती है, ताकि आर्थिक परेशानी उनकी शिक्षा में बाधा न बने।