{"_id":"6af3521612915b737700da07","slug":"video-parents-stepped-out-to-get-a-water-bottle-driver-sped-off-with-their-six-year-old-child-2026-11-10","type":"video","status":"publish","title_hn":"पानी की बोतल लेने उतरे माता-पिता, छह साल के बच्चे को लेकर भागा चालक","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
पानी की बोतल लेने उतरे माता-पिता, छह साल के बच्चे को लेकर भागा चालक
नीरज नरवरिया
Updated Tue, 10 Nov 2026 10:49 PM IST
Link Copied
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरसराय/मोंठ। माता-पिता पानी की बोतल लेने के लिए पेट्रोल पंप के पास उतरे और चालक छह साल के मासूम को स्कॉर्पियो समेत लेकर भाग निकला। गाड़ी में बच्चा अकेला बैठा था। चालक की इस हरकत से बर्तन व्यापारी दंपती के होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घेराबंदी कर करीब दो घंटे बाद मोंठ बाईपास के पास स्कॉर्पियो समेत बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया, जबकि आरोपी चालक भागने में सफल रहा।
झांसी के गोलाकुआं निवासी थोक बर्तन व्यापारी अनुराग सिंह मंगलवार को पत्नी प्रियंका सिंह और छह वर्षीय बेटे सार्थक के साथ गुरसराय आए थे। वे बर्तन कारोबारियों से उधार की रकम वसूलने निकले थे। उनकी स्कॉर्पियो आशीष नाम का चालक चला रहा था। शाम करीब 4:50 बजे वे गुरसराय में मोदी तिराहे के पास पहुंचे। यहां अनुराग और प्रियंका पानी की बोतल लेने के लिए पेट्रोल पंप के पास स्कॉर्पियो से नीचे उतर गए। उनका बेटा सार्थक गाड़ी में ही बैठा रहा।
इसी दौरान चालक आशीष स्कॉर्पियो लेकर भाग निकला। कुछ ही देर में वह बच्चे समेत ओझल हो गया। दंपती ने गाड़ी गायब देखी तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल गुरसराय पुलिस को सूचना दी। बच्चे के चालक समेत गायब होने की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ गरौठा पीयूष कुमार पांडेय ने पुलिस टीमों को सक्रिय किया। पुलिस ने संभावित रास्तों पर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। पुलिस का दबाव बढ़ा तो आरोपी चालक मोंठ बाईपास पर कुम्हरार ओवरब्रिज के पास स्कॉर्पियो और बच्चे को छोड़कर भाग गया। पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। फरार चालक की तलाश की जा रही है।
नियमित चालक छुट्टी पर था, उसकी जगह आया था आशीष
सूत्रों के अनुसार, अनुराग सिंह का नियमित चालक मिथुन छुट्टी पर था। उसने अपनी जगह आशीष नाम के व्यक्ति को स्कॉर्पियो चलाने के लिए भेजा था। इसी चालक पर मालिक को चकमा देकर बच्चे को स्कॉर्पियो समेत लेकर भागने का आरोप है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
दो घंटे तक अटकी रहीं परिजनों की सांसें
घटना मंगलवार शाम करीब 4:50 बजे हुई। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी शुरू की और शाम करीब 6:30 बजे मोंठ बाईपास के पास स्कॉर्पियो और बच्चे को बरामद कर लिया। करीब दो घंटे तक बेटे की सलामती को लेकर परेशान रहे परिजनों ने उसके मिलने पर राहत की सांस ली। सीओ गरौठा पीयूष कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस टीमों के बेहतर तालमेल और मुस्तैदी से बच्चे को सकुशल बरामद किया जा सका। देर रात तक मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।
लाखों की नकदी लेकर भागने की भी चर्चा
घटना के बाद व्यापारियों के बीच चर्चा रही कि स्कॉर्पियो में वसूली की लाखों रुपये की नकदी एक थैली में रखी थी। आरोप है कि चालक नकदी से भरी थैली लेकर फरार हो गया। हालांकि, इस संबंध में व्यापारी अनुराग सिंह स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके। उनकी पत्नी प्रियंका सिंह बच्चे के सकुशल मिलने के बाद भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि बच्चा ठीक मिल गया, यही उनके लिए सबसे बड़ी राहत है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।