Hindi News
›
Video
›
Uttar Pradesh
›
Jhansi News
›
On Diwali, lamps will be lit in every home, while in the old-age home, 103 pairs of eyes will be waiting for their loved ones.
{"_id":"6aef61af1b4b5d7bcd0813c2","slug":"video-on-diwali-lamps-will-be-lit-in-every-home-while-in-the-old-age-home-103-pairs-of-eyes-will-be-waiting-for-their-loved-ones-2026-11-07-1794073007","type":"video","status":"publish","title_hn":"दिवाली पर घर-घर जलेंगे दीप, वृद्धाश्रम में अपनों की राह तकेंगी 103 आंखें","category":{"title":"Local","title_hn":"लोकल","slug":"local"}}
दिवाली पर घर-घर जलेंगे दीप, वृद्धाश्रम में अपनों की राह तकेंगी 103 आंखें
नीरज नरवरिया
Updated Sat, 07 Nov 2026 11:06 PM IST
Link Copied
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। दिवाली पर रविवार को घर-घर खुशियों के दीप जलेंगे। आंगन रोशनी से जगमगाएंगे और परिवार एक साथ बैठकर त्योहार मनाएंगे। लेकिन झांसी के वृद्धाश्रम में रहने वाले 103 बुजुर्गों की जिंदगी में अपनों की बेरुखी का अंधेरा छाया हुआ है। किसी के पति की मौत के बाद परिवार ने साथ छोड़ दिया तो किसी को संपत्ति विवाद में अपना घर छोड़ना पड़ा। कई ऐसी मांएं भी हैं, जिन्होंने बेटों को नाजों से पाला, लेकिन बुढ़ापे में उन्हीं बेटों ने उन्हें ठुकरा दिया। रोशनी के इस पर्व पर भी इनकी आंखें अपनों की राह तकेंगी।
आईटीआई सिद्धेश्वर नगर स्थित वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों की कहानियां भले ही अलग-अलग हों, लेकिन दर्द एक जैसा है। किसी ने बच्चों का भविष्य संवारने के लिए अपनी खुशियां कुर्बान कीं तो किसी ने परिवार को जोड़े रखने के लिए पूरी जिंदगी संघर्ष किया। उम्मीद थी कि बुढ़ापे में बच्चे सहारा बनेंगे और परिवार के बीच सम्मान के साथ जिंदगी गुजरेगी, लेकिन वक्त के साथ रिश्तों की गर्माहट कम होती गई। पारिवारिक विवाद, संपत्ति की खींचतान और अपनों की उपेक्षा ने उन्हें घर की दहलीज छोड़ने पर मजबूर कर दिया।
वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों में 54 महिलाएं हैं। पति की मृत्यु के बाद कई महिलाओं के सामने रहने और गुजर-बसर करने का संकट खड़ा हो गया। जिन घरों को उन्होंने अपने हाथों से सजाया-संवारा, उन्हीं घरों में उनके लिए जगह नहीं बची। कुछ महिलाएं आज भी बच्चों के लौटने की उम्मीद लगाए बैठी हैं। त्योहारों पर परिवार के साथ बिताए पुराने दिनों की यादें उनके दर्द को और गहरा कर देती हैं।
दिवाली पर इनके जीवन में भी खुशियों की रोशनी पहुंचे, इसके लिए वृद्धाश्रम में दीप जलाने और मिठाइयां बांटने की तैयारी है। यहां रहने वाले बुजुर्ग एक-दूसरे के साथ त्योहार मनाएंगे, लेकिन अपनों के साथ बैठकर दीप जलाने, बच्चों की आवाज सुनने और परिवार के बीच त्योहार मनाने की कसक शायद ही पूरी हो सके।
मायके के बाद वृद्धाश्रम बना दूसरा ठिकाना
झांसी की रहने वालीं 70 वर्षीय शांति के लिए मायके के बाद वृद्धाश्रम दूसरा ठिकाना बन गया। शादी के कुछ समय बाद ही पति ने उन्हें छोड़ दिया था। इसके बाद वह अपनी दो बेटियों को लेकर मायके आ गईं। बेटियों की शादी के बाद मायके में भी उन्हें पहले जैसा सम्मान नहीं मिला। सामाजिक मान्यताओं के चलते उन्होंने कभी बेटियों की ससुराल की चौखट पर कदम नहीं रखा। ऐसे में वृद्धाश्रम ने उन्हें सहारा दिया। अब यहां रहने वाले बुजुर्गों के साथ ही उनके सारे त्योहार गुजरते हैं। वह यहां सभी के साथ घुल-मिल गई हैं, लेकिन त्योहारों पर अपनों की याद उन्हें भावुक कर देती है। आज भी उनके मन में परिवार के साथ त्योहार मनाने की कसक है।
भरे-पूरे परिवार में गोमती को नहीं मिली जगह
खोड़न की रहने वालीं गोमती के दो बेटे और तीन बेटियां हैं। चार-पांच नाती-पोते भी हैं। इसके बावजूद भरे-पूरे परिवार में उनके लिए जगह नहीं बची। गोमती बताती हैं कि उनके पास 15 बीघा जमीन और मकान भी है। इसके बाद भी अपनों की बेरुखी के चलते उन्हें वृद्धाश्रम में शरण लेनी पड़ी। परिवार में उन्हें सबसे ज्यादा अपने नाती-पोतों की याद आती है। वह उनसे मिलना और उनके बीच समय बिताना चाहती हैं, लेकिन हालात ने उन्हें बेबस कर दिया है। उन्हें अब भी उम्मीद है कि कभी तो अपनों को उनकी याद आएगी और वे उन्हें अपने साथ ले जाएंगे। फिलहाल, वह वृद्धाश्रम के परिवार के साथ दिवाली मनाने की तैयारी कर रही हैं।
अपना समझकर पाला, उन्हीं ने मकान लेकर किया बेघर
अठोंदना के रहने वाले छोटेलाल की खुद की कोई संतान नहीं थी। उन्होंने एक रिश्तेदार के बच्चों को जीवनभर अपने साथ रखा और उन्हें अपने बच्चों की तरह पाला-पोसा। छोटेलाल बताते हैं कि उनके लालन-पालन में कोई कमी नहीं छोड़ी। उन्हें भरपूर प्यार दिया और अपना परिवार समझा, लेकिन मकान की वसीयत अपने नाम कराने के बाद उन्हीं बच्चों ने उन्हें घर से बेघर कर दिया। इस घटना ने उन्हें गहरा सदमा पहुंचाया। छोटेलाल कहते हैं कि अब वृद्धाश्रम ही उनका घर है और यहां रहने वाले लोग परिवार के सदस्य हैं। होली हो या दिवाली, अब वे इन्हीं के साथ त्योहार की खुशियां बांटते हैं।
पति के जाते ही मऊरानीपुर की शांति के लिए बंद हो गए घर के दरवाजे
मऊरानीपुर की रहने वालीं शांति के पति का करीब दस साल पहले निधन हो गया था। इसके बाद उनकी जिंदगी ही बदल गई। शांति बताती हैं कि उनके पास 25 बीघा जमीन थी, जिसे उनके दोनों बेटों ने बेच दिया। खुद का मकान होने के बावजूद उसमें उनके लिए जगह नहीं बची। पति के रहते परिवार में सब ठीक था, लेकिन उनके निधन के बाद परिवार के लोगों ने उन्हें घर छोड़ने पर मजबूर कर दिया। आखिरकार वृद्धाश्रम में उन्हें सहारा मिला। अब यही उनका घर और परिवार है। त्योहार भी वह यहीं रहने वाले बुजुर्गों के साथ मनाती हैं। हालांकि, अपनों के साथ दिवाली मनाने की कसक आज भी उनके मन में है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।