UP: चलती ट्रेन में युवक की कनपटी पर मारी गोली, शव को बाहर फेंककर भागे दो बदमाश; पहुंची फोर्स
Chandauli News: डीडीयू-ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन में बदमाशों ने एक युवक की कनपटी पर गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी शव को चलती ट्रेन से फेंककर ताजपुर के पास कूदकर फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दो युवक पिट्ठू बैग लेकर ट्रेन में चढ़े थे। घटना से यात्रियों में दहशत फैल गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
विस्तार
UP Crime: पीडीडीयू जंक्शन से दिलदारनगर होते हुए ताड़ीघाट जाने वाली पैसेंजर ट्रेन उस समय दहशत का पर्याय बन गई, जब चलती ट्रेन में दो अज्ञात बदमाशों ने एक युवक की कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपियों ने शव को ट्रेन से नीचे फेंक दिया और सकलडीहा क्षेत्र में ट्रेन की रफ्तार धीमी होते ही कूदकर फरार हो गए। घटना से पूरे जिले में सनसनी फैल गई।
सुबह-सुबह ट्रेन सामान्य गति से आगे बढ़ रही थी। यात्रियों को पहले हल्की बहस जैसी आवाज सुनाई दी। कुछ ही क्षण बाद अचानक गोली चलने की तेज आवाज से पूरा डिब्बा दहल उठा। जब तक लोग कुछ समझ पाते, एक युवक खून से लथपथ होकर सीट के पास गिर पड़ा। उसके बाद बदमाशों ने किसी को संभलने का मौका नहीं दिया और युवक के शव को चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया।
पुलिस ने की कार्रवाई
घटना के बाद डिब्बे में चीख-पुकार मच गई। यात्री भयभीत होकर अपनी सीटों से उठकर इधर-उधर भागने लगे। कई लोग दहशत के कारण चुपचाप बैठे रहे। यात्रियों ने बताया कि दोनों संदिग्ध युवक पिट्ठू बैग लेकर ट्रेन में सवार हुए थे। सकलडीहा क्षेत्र के ताजपुर गांव के पास ट्रेन की रफ्तार कम होते ही दोनों अंधेरे का फायदा उठाकर नीचे कूद गए और फरार हो गए।
चंदौली कोतवाली और सकलडीहा थाने की पुलिस के साथ जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। रेलवे ट्रैक के किनारे युवक का शव बरामद किया गया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन देर तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग सका।
जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। समाचार लिखे जाने तक मृत युवक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने ट्रेन में मौजूद यात्रियों से पूछताछ शुरू कर दी है और हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, लूट या किसी अन्य कारण की जांच की जा रही है।
इब्राहिमपुर के पास हुई वारदात
पुलिस के अनुसार घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव के पास हुई। इसके बाद ताजपुर गांव के समीप ट्रेन धीमी हुई, जहां से दोनों आरोपी कूदकर फरार हो गए। रेलवे और स्थानीय पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
क्या बोले सीओ सकलडीहा
सकलडीहा के क्षेत्राधिकारी कृष्णमुरारी शर्मा ने बताया कि यात्रियों से पूछताछ में सामने आया है कि दो युवक पिट्ठू बैग लेकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से ट्रेन में सवार हुए थे। उन्होंने एक व्यक्ति की कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मारी और शव को नीचे फेंक दिया। घटना की जांच में सकलडीहा पुलिस, डीडीयू नगर पुलिस, जीआरपी और तीन थानों की संयुक्त टीम लगी हुई है।
चलती ट्रेन में दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज हत्या ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों में भय का माहौल है, जबकि पुलिस जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।