UP: तिलक समारोह में पहुंची युवती, बोली- पांच साल से मेरे साथ है युवक का रिश्ता; रुकवाई रस्म
Chandauli News: यूपी के चंदौली जिले में इस मामले की जानकारी मिलते ही अलीनगर थाने की पुलिस भी पहुंच गई। युवती का आरोप सुनने के बाद दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया। युवती ने कहा कि युवक उसके साथ पांच साल से रिश्ते में है।
विस्तार
UP Crime News: पीडीडीयू नगर में बीती रात एक तिलक समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब एक युवती ने मौके पर पहुंचकर कार्यक्रम रुकवा दिया। अलीनगर थाना क्षेत्र में हाईवे के पास स्थित एक होटल में तिलक की रस्म चल रही थी, तभी युवती के पहुंचते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया।
युवती ने खुद को दूल्हा बने युवक की प्रेमिका बताते हुए दावा किया कि दोनों पिछले पांच वर्षों से रिश्ते में थे। उसका आरोप है कि युवक ने शादी का वादा किया था, लेकिन अब परिवार के दबाव में दूसरी शादी कर रहा है। इसी बात को लेकर उसने समारोह स्थल पर विरोध दर्ज कराया, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
युवती ने यह भी आरोप लगाया कि उसने पहले ही युवक के खिलाफ यौन शोषण का मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में युवक जेल भी जा चुका है और हाल ही में जमानत पर बाहर आया है। जमानत मिलने के बाद ही उसके परिवार ने उसकी शादी तय कर दी।
जमकर मचाया हंगामा
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। अधिकारियों के अनुसार, मामला पहले से न्यायालय में विचाराधीन है, इसलिए आगे की कार्रवाई कोर्ट के आदेश के अनुसार की जाएगी।
घटना के बाद युवती ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए। उसका कहना है कि उसकी शिकायत को नजरअंदाज किया गया और उसे सुरक्षा देने के बजाय हाईवे पर छोड़ दिया गया।
युवती ने एक पुराने मामले का जिक्र करते हुए बताया कि मऊ जिले में कुछ लोगों ने उस पर केस वापस लेने का दबाव बनाया था और जान से मारने की धमकी दी थी। फिलहाल पूरे मामले की सच्चाई जांच और न्यायालय की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। एसपी आकाश पटेल ने बताया कि मामला न्यायालय के विचाराधिन है। फिलहाल शांति व्यवस्था कायम है।