UP : युवक की गला रेतकर हत्या, कान में लगा था ईयरफोन, मोबाइल नहीं मिला; फॉरेंसिक व डॉग स्क्वॉड ने की छानबीन
Varanasi News : सूचना पाकर मौके पर पहुंची मिर्जामुराद पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। दूसरी तरफ, क्षेत्र में यह चर्चा हो रही थी कि पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को नहीं बुलाया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के भिखीपुर (प्रतापपुर) स्थित भुवालपुर नहर के पास शनिवार की रात युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। युवक के कान में ईयरफोन लगा था, जबकि मोबाइल गायब था।
घटनास्थल के पास शव के पास शराब की शीशी मिली है। मौके पर ऐसा कुछ भी नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस, फॉरेंसिक टीम, डाग स्क्वाॅड ने छानबीन की। खून लगे कपड़े और अन्य सामान को फॉरेंसिक टीम ने अपने कब्जे में लिया है। एडीसीपी गोमती जोन ने तीन टीमें गठित की हंै। पोस्टमार्टम के बाद बिसरा सुरक्षित रखा गया।
भिखीपुर (प्रतापपुर) स्थित भुवालपुर नहर के पास सुबह छह बजे ग्रामीणों ने काले रंग की जींस और नारंगी रंग का टीशर्ट पहने 30 वर्षीय युवक का खून से लथपथ शव देखा। जानकारी पाकर मौके पर भीड़ जुट गई। युवक की गर्दन को धारदार हथियार से रेता गया था। कपड़े और मिट्टी पर गिरे खून सूख चुके थे। आशंका जताई गई कि शराब पीने के बहाने युवक को यहां लाकर उसकी हत्या की गई। कान में ईयर फोन लगा था लेकिन उसका मोबाइल गायब था।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी अजय राज वर्मा ने शव को कब्जे में लिया। घटनास्थल के आसपास अंग्रेजी शराब की बोतलें फेंकी मिलीं। दो घंटे बाद पहुंची फॉरेंसिक टीम, डाग स्क्वाॅड ने घटनास्थल पर बैरिकेडिंग करते हुए मिट्टी पर गिरे खून, चप्पल और अन्य सामन को कब्जे में लिया। एडीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल ने ग्रामीणों से घटना के बाबत जानकारी ली। इस मामले के खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच समेत पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं।
नहीं मिला कोई सुराग
मिर्जामुराद पुलिस रात तक शव की शिनाख्त नहीं कर सकी। गांव के कुछ युवकों से पुलिस ने पूछताछ की। हालांकि कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला। मिर्जामुराद थाना प्रभारी अजय राज वर्मा ने बताया कि वीआईपी ड्यूटी में व्यस्तता होने के कारण शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। शिनाख्त के लिए शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया है। वही, मृतक का चप्पल व कपड़ा बिसरा के लिए सुरक्षित रखा गया है।