वाराणसी: पत्नी के खौफनाक कदम से उजड़ गया परिवार, आशनाई में करा दी थी पति की हत्या
- प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्यारोपी पत्नी और उसके प्रेमी सहित तीन जेल गए
- चोलापुर क्षेत्र के आयर गांव में चाकू से गोद कर मारा गया था युवक को, खेत में मिला था शव
विस्तार
उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद के चोलापुर क्षेत्र में 26 मार्च की सुबह गेहूं के खेत में युवक की हत्या कर फेंका गया शव मिला था। आयर गांव निवासी डब्लू यादव की हत्या के मामले में उसकी पत्नी कुसुम देवी उर्फ सोनी व उसके प्रेमी प्रदुमभन और शुभम सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद रविवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। आशनाई में हुई इस सनसनीखेज वारदात से एक हंसता खेलता परिवार उजड़ गया। तीन साल के मासूम बेटे का भविष्य अंधकारमय हो गया।
चोलापुर थाना अंतर्गत आयर गांव में बीती 26 मार्च की सुबह डब्लू के घर के समीप गेहूं के खेत में उसका खून से लथपथ शव मिला था। डब्लू के गले सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकू से कई वार किए गए थे। पिता करिया की तहरीर के आधार पर डब्लू की पत्नी कुसुम देवी, प्रदुमभन सहित नौ लोगों के खिलाफ चोलापुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।
प्रेमी के साथ पकड़ी गई थी पत्नी
सीओ पिंडरा अभिषेक कुमार पांडेय ने बताया कि कुसुम और प्रदुमभन दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे। डब्लू की पत्नी एक बार अपने प्रेमी के साथ घर में पकड़े भी गए थे। इसे लेकर मारपीट और मुकदमेबाजी भी हुई थी। डब्लू को रास्ते से हटाने के लिए कुसुम ने उसे मुंबई से घर बुलाया। इसके बाद घर बनवाने के लिए जमीन की मांग करवा कर डब्लू का उसके पिता से झगड़ा कराया गया।
झगड़े वाली रात ही डब्लू को शराब पिलाई गई। इसके बाद कुसुम, प्रदुमभन और शुभम ने डब्लू पर चाकू से वार कर उसकी हत्या करने के बाद शव गेहूं के खेत में फेंक दिया। देर रात कुसुम ने पुलिस को सूचना दी कि उसका पति घर नहीं आया है। पुलिस के पहुंचने पर वह अपने चचेरे जेठों पर आरोप लगाने लगी कि वही लोग डब्लू को पंचायत के लिए ले गए थे और फिर उसका पता नहीं लगा। हालांकि कड़ाई से हुई पूछताछ में कुसुम, प्रदुमभन और शुभम ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
पत्नी को बहुत मानता था, मासूम का भविष्य अंधकार में
कुसुम देवी के खौफनाक कदम से एक हंसता-खेलता परिवार बिखर गया। इसके साथ ही उसके तीन साल के मासूम बेटे का भविष्य अंधकारमय हो गया। मासूम को तो यह भी नहीं पता कि उसके पिता की हत्या उसकी मां ने ही की है। मां की करतूत की ही वजह से उसे अब जेल की सलाखों के पीछे भी रहना पड़ेगा। उधर, ग्रामीणों का कहना था कि कुसुम जैसा कहती थी वैसा ही डब्लू करता था। मुंबई में ड्राइवर का काम कर वह पत्नी की हर इच्छा पूरी करता था। उसके दोस्त उसे चिढ़ाते भी थे कि पत्नी की कितनी गुलामी करोगे तो वह हंस देता था। हालांकि डब्लू पत्नी की साजिश को समझ नहीं पाया और अपनी जान गंवा बैठा।