जौनपुर: 50 हजार का इनामी अंतरराज्यीय असलहा तस्कर गिरफ्तार, मध्य प्रदेश से पिस्टल-तमंचे लाकर करता था सप्लाई
जौनपुर में 50 हजार का इनामी अंतरराज्यीय असलहा तस्कर गिरफ्तार किया गया। आरोपी मध्य प्रदेश से पिस्टल और तमंचे खरीदकर यूपी में सप्लाई करता था। एसटीएफ ने मछलीशहर क्षेत्र के पूरा पवई नहर पुलिया से तस्कर को दबोच लिया।
विस्तार
अंतरराज्यीय असलहा तस्करी गिरोह के सरगना और 50 हजार रुपये के इनामी सुनील दुबे उर्फ रफ्तार को एसटीएफ की वाराणसी इकाई ने शनिवार की रात गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मछलीशहर थाने में दर्ज असलहा तस्करी के मुकदमे में वांछित था। एसटीएफ ने उसे मछलीशहर क्षेत्र के पूरा पवई नहर पुलिया के पास से रात 1:16 बजे दबोचा। वह मध्य प्रदेश से अवैध पिस्टल और तमंचे खरीदकर अलग-अलग जगहों पर बेचता था।
एसटीएफ के मुताबिक, 25 अगस्त 2026 को मछलीशहर पुलिस ने चेकिंग के दौरान शिव प्रकाश मिश्रा, मनकामेश्वर मिश्रा और प्रियांशु शुक्ला को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से पांच देशी पिस्टल और सात अवैध तमंचे बरामद हुए थे। इस मामले में मछलीशहर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में गिरोह के सरगना सुनील दुबे का नाम सामने आया था। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
एसटीएफ वाराणसी इकाई के निरीक्षक अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम उसकी तलाश में जुटी थी। शनिवार को सूचना मिली कि आरोपी पूरा पवई नहर पुलिया के पास मौजूद है। टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका गिरोह अंतरराज्यीय स्तर पर असलहों की तस्करी करता है। वह मध्य प्रदेश के खंडवा निवासी असलहा तस्कर अब्दुल से संपर्क कर हथियारों की कीमत तय करता था। इसके बाद अब्दुल असलहे रीवा तक पहुंचाता था। वहां से सुनील 25 हजार रुपये में देशी पिस्टल और पांच हजार रुपये में तमंचा खरीदकर लाता था। बाद में इन्हें अलग-अलग कीमतों पर बेचता था। गिरफ्तार आरोपी को मछलीशहर थाने में दर्ज मुकदमे में दाखिल कर दिया गया है। स्थानीय पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
