जन्मदिन पर आत्मघाती कदम: बीकॉम के छात्र ने पहले खिंचाई खुद की फोटो, फिर गंगा में लगा दी छलांग, देखता रह गया दोस्त
जैतपुरा के संजय नगर कॉलोनी निवासी आकाश यादव (22) ने शनिवार दोपहर राजघाट पुल से गंगा में छलांग लगा दी। वह अपने दोस्त के साथ घूमने के लिए आया था। उसकी तलाश जारी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी के राजघाट पुल पर शनिवार की दोपहर अपने जन्मदिन के दिन आईटीआई छात्र ने गंगा में छलांग लगा दी। दोस्त के साथ पहुंचे युवक ने पुल की रेलिंग के पास दोस्त संग सेल्फी ली। इसके बाद रेलिंग से चढ़कर गंगा में कूद गया। एनडीआरएफ और निजी गोताखोरों की मदद से आदमपुर पुलिस खोजबीन कर रही है।
जैतपुरा थाना अंतर्गत संजय नगर कॉलोनी निवासी जितेंद्र यादव के पुत्र आकाश (22) का शनिवार को जन्मदिन था। बीकॉम की पढ़ाई पूरी करने के बाद आईटीआई कर रहा है। पिता राजेंद्र यादव के अनुसार आकाश ने जन्मदिन मनाने के लिए दो हजार रुपये मांगा था।
पैसा लेकर वह पहले बीएलडब्ल्यू निवासी अपने चाचा के घर गया। दोपहर 1.30 बजे के करीब आकाश ने कॉल कर कुछ देर में घर आने की जानकारी दी। दोपहर दो बजे जब घर वालों ने आकाश को कॉल किया तो उसके दोस्त लेबर कालोनी निवासी अनीश यादव ने बताया कि आकाश राजघाट पुल से गंगा में कूद गया है। इसके बाद बेसुध होकर परिजन पुल पर पहुंचे।
अनीश ने परिजनों की पूछताछ में बताया कि आकाश ने कहा कि अच्छी फोटो खींचो। साथ में अपने मोबाइल से सेल्फी ली। अभी कुछ समझ पाता कि आकाश रेलिंग पर चढ़ा और गंगा में कूद गया।
परिजनों का आरोप रहा कि सूचना देने के घंटों बाद भी एनडीआरएफ की टीम मौके पर नहीं पहुंची थी। निजी गोताखोर भी तेज लहर उठने के कारण आकाश की तलाश करने से मना कर दिया।
आदमपुर पुलिस ने कई बार एनडीआरएफ के स्थानीय यूनिट को सूचना दी, इसके बाद शाम 5.30 बजे एनडीआरएफ मौके पर पहुंची। शाम 7.30 बजे तक पानी में युवक की तलाश की गई, लेकिन गंगा में हवा के कारण उठ रही तेज लहर के आगे एनडीआरएफ के जवानों को भी पानी से बाहर निकलना पड़ा।
कूदने से पहले व्हाट्सएप पर किया चैट
दोस्त अनीश यादव ने बताया कि सुबह आकाश ने फोन कर उसे अपने बर्थ डे पार्टी के लिए बुलाया। दोनों पहले बरेका स्थित चाचा के घर गए, लेकिन चाचा घर पर नहीं थे। इसके बाद एक रेस्टोरेंट गए फिर मडुवाडीह से सीधेे राजघाट पुल चलने के लिए आकाश ने अपनी केटीएम बाइक घुमा दी। राजघाट पुल पहुंच आकाश ने व्हाट्सएप पर किसी से चैट किया। कुछ देर चैट के बाद आकाश ने सेल्फी खिंचाई और पुल की रेलिंग पर चढ़ कर गंगा में कूद गया।
इकलौते बेटे को गंगा में तलाश रही थी पिता की आंखें
घर वालों को अंदाजा ही नहीं था कि जन्मदिन मनाने जा रहा आकाश ऐसा कदम उठाएगा। खास दिन के मौके पर उसने खौफनाक कदम उठाया। आकाश के राजघाट पुल से कूदने की सूचना जब उसके माता-पिता को हुई तो वह बेसुध हो गए। परिजनों के साथ रोते बिलखते सभी राजघाट पहुंचे। पिता राजेंद्र यादव की आंखें गंगा में अपने एकलौते बेटे आकाश को ही तलाश रही थीं। देर शाम तक पुलिस, एनडीआरएफ और निजी गोताखोरों की ओर से खोजबीन जारी थी।