ईंट से सिर कूच महिला की हत्या: दरवाजा ठीक कराने के विवाद का आरोप, आभूषण भी गायब; आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी
जिले के पनौली गांव में दरवाजा ठीक कराने को लेकर हुए विवाद में एक महिला की ईंट से सिर पर हमला कर हत्या कर दी गई। आरोप है कि निर्माणाधीन मकान में बढ़ई ने वारदात को अंजाम दिया। परिजनों का आरोप है कि हत्या के बाद महिला के आभूषण भी गायब हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जौनपुर के पनौली गांव में सोमवार को निर्माणाधीन मकान में गुड़िया (46) की ईंट से सिर पर वार करके बढ़ई मिस्त्री ने हत्या कर दी। स्कूल से घर लौटी बेटियों ने मां का शव कमरे में तख्त पर पड़ा देखा तो शोर मचाया।
थानाध्यक्ष खुटहन विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि आरोपी ने महिला के सिर के पिछले हिस्से पर ईंट से वार किया था। घटनास्थल से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त ईंट बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में निर्माणाधीन मकान में लगे दरवाजा ठीक कराने के लिए गांव के बढ़ई से विवाद होने की बात सामने आई है।
पुलिस ने आरोपी बढ़ई लालमनि विश्वकर्मा के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज करके उसकी तलाश कर रही है। परिजनों ने हत्या के बाद महिला के गहने गायब होने का आरोप लगाया है। मृतका के देवर सत्तार अहमद ने बताया कि पैतृक घर से करीब 500 मीटर दूर गुड़िया का मकान बनवा रही थी। सोमवार को गुड़िया दरवाजा ठीक कराने के लिए गांव के ही बढ़ई लालमनि विश्वकर्मा को बुलाने की बात कहकर निर्माणाधीन मकान पर गई थी।
दोपहर करीब दो बजे उनकी बेटियां सवा (18) और सानिया (16) स्कूल से घर लौटीं तो मां नहीं मिली। दोनों निर्माणाधीन मकान पर पहुंची तो कमरे में तख्त पर मां का शव पड़ा था। सिर से खून बह रहा था। उनकी चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष खुटहन विक्रम लक्ष्मण सिंह, शाहगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह, सरपतहा प्रभारी निरीक्षक रामाश्रय राय, खेतासराय प्रभारी निरीक्षक प्रदीप सिंह घटनास्थल पर पहुंचे।
बेटों के आने तक शव नहीं देने पर अड़े रहे परिजन
खुटहन। मृतका के पति मुख्तार अहमद विदेश में रहते हैं। दोनों बेटे सैफ अली (22) और फैज अली (22) गुजरात रहते हैं। परिजन दोनों बेटों के आने तक शव पुलिस को देने से इनकार करते रहे। हालांकि बाद में पुलिस ने समझाकर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। देवर सत्तार अहमद ने गुड़िया की सोने की चेन, कान की बालियां, पायल गायब होने का आरोप लगाया है।