यूपी: ऑपरेशन से प्रसव के बाद महिला की मौत, परिजनों का हंगामा
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में रामपुर बाजार स्थित बड़ी नहर पर निजी अस्पताल में सोमवार रात ऑपरेशन से प्रसव के बाद महिला की तबियत बिगड़ गई। कुछ देर में ही उसकी मौत हो गई। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा मचाया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभालते हुए लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। जानकारी के अनुसार, रामपुर थाना क्षेत्र के मठिया पचुरखी गांव निवासी रवि पाल की पत्नी सोनी(23) को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने रामपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां रात 11 बजे ऑपरेशन के बाद महिला ने बच्ची को जन्म दिया।
प्रसव के कुछ देर बाद ही महिला की स्थिति बिगड़ने लगी। हालत नाजुक देख अस्पताल की एंबुलेंस से परिजन भदोही ले गए। वहां से रेफर करने पर वाराणसी ले जाते समय महिला की मौत हो गई।
परिजन सुबह शव लेकर रामपुर आए। डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। हंगामें की सूचना पर रामपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
इस संबंध में रामपुर थानाध्यक्ष सम्पूर्णानन्द रॉय ने बताया कि सूचना पर तुरंत पुलिस पहुंच गई। शव को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर के आधार पर जांच कर कार्यवाई की जाएगी।